सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाबा कालभैरव की उतारी आरती, विश्वनाथ मंदिर में किया पूजन...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने वाराणसी दौरे के दौरान मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर के गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन किया। इस दौरान उन्होंने लोक कल्याण और जनमानस के सुख-समृद्धि की कामना की। काशी के दोनों प्रमुख मंदिरों में मुख्यमंत्री ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की।
पीएम मोदी के दौरे से पहली की बैठक
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी दौरे से पहले अधिकारियों संग बैठक की। सीएम कार्यालय द्वारा बताया गया, " प्रधानमंत्री मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले 'भारतीय वायुसेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026' की तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।"
साथ ही यह भी बताया गया, "Wings over Ganges थीम पर आयोजित यह भव्य एयर शो काशी के आकाश में भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस एवं सामर्थ्य का प्रदर्शन करेगा और राष्ट्रगौरव की भावना को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। "
सीएम ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने गंगा घाटों समेत सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने, रूट डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था करने और यातायात सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।
सीएम योगी ने साथ ही, अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान आम लोगों की आवाजाही और घाटों तक पहुंच में अनावश्यक बाधा न आने पाए। उन्होंने आम लोगों की गंगा घाटों तक पहुंच आसान बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि अनावश्यक बैरिकेडिंग न की जाए। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।