Headlines
Loading...
देहरादून ट्रिपल मर्डर: 'मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं...' चिल्लाती रही शीला, लेकिन हत्यारा पेचकस से करता रहा वार और नहीं पसीजा उसका दिल...

देहरादून ट्रिपल मर्डर: 'मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं...' चिल्लाती रही शीला, लेकिन हत्यारा पेचकस से करता रहा वार और नहीं पसीजा उसका दिल...

देहरादून, न्यूज। रायपुर स्थित विष्णुलोक कालोनी में बुजुर्ग दंपति के घर में हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया। जिस शीला ने बुजुर्ग दंपति की आवाज सुनकर उनकी मदद के लिए अपने काम को छोड़कर दौड़ लगाई थी, वही कुछ देर बाद खुद आरोपित की दरिंदगी का शिकार हो गई। 

बताया जा रहा है कि आरोपित ने शीला पर पेचकस से कई वार किए। जान बचाने के लिए शीला चीखती रही और आरोपित से अपने छोटे-छोटे बच्चों का हवाला देती रही, लेकिन आरोपित का दिल नहीं पसीजा।

नहीं पसीजा आरोपित का दिल

शीला आसपास के घरों में काम कर परिवार का पालन-षण करती थी। मंगलवार को भी वह बगल के घर में काम कर रही थी। इसी दौरान उसे बुजुर्ग कपूर दंपति और की चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। किसी अनहोनी की आशंका में शीला काम छोड़कर नंगे पांव कपूर दंपति के घर की ओर दौड़ पड़ी।

इसी दौरान वह आरोपित राजकुमार के सामने आ गई। आरोपित ने उस पर पेचकस से हमला कर दिया। पेचकस शीला के पेट पर लगा जोकि पूरे पेट को चीरते हुए दूसरी तरफ जा निकला।हमले के दौरान शीला ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की। वह आरोपित से अपनी जान बख्शने की गुहार लगाती रही। उसकी जुबान पर बार-बार यही बात थी कि उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं। लेकिन आरोपित ने उसकी एक नहीं सुनी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद शीला की मौत हो गई।

पांच साल पहले हो चुकी है पति की मौत

शीला की मौत ने उसके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। करीब पांच साल पहले ही उसके पति की मौत हो चुकी थी। पति के जाने के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर अपने दोनों बच्चों की परवरिश कर रही थी। बच्चों की जिंदगी में मां ही उनका सबसे बड़ा सहारा थी, लेकिन इस वारदात ने वह सहारा भी छीन लिया। अब दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे कपूर दंपति

रमेश कपूर व उनकी पतनी रजनी कपूर की हत्या से भी मोहल्ले में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कपूर दंपति का व्यवहार बेहद मिलनसार था। रमेश कपूर जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे। मोहल्ले में किसी को किसी तरह की परेशानी होती तो वह उसकी मदद करने की कोशिश करते थे। उनके घर में हुई इस वारदात पर किसी को यकीन नहीं हो रहा है। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही आसपास के लोग कपूर दंपति के घर के बाहर जमा हो गए।

कुछ देर पहले तक जहां लोगों की आवाजाही थी, वहां देखते ही देखते सन्नाटा पसर गया। हर तरफ मातम और खामोशी नजर आई। पड़ोसियों की आंखों में आंसू थे और हर कोई इस सवाल का जवाब तलाश रहा था कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक परिवार के साथ-साथ मदद के लिए पहुंची महिला शीला की भी जान चली गई।