बड़ी खबर : वाराणसी के भेलूपुर में पिता- पुत्र में चली गोली, घायल बेटा ट्रामा सेंटर में गंभीर हालत में भर्ती, पिता के खिलाफ बयान देने से इंकार...
वाराणसी, न्यूज। आज भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमूरगंज स्थित लोहित रेजीडेंसी न्यू कालोनी में शुक्रवार को दिन में पिता- पुत्र के बीच आपसी झीना झपटी में गोली चल जाने से पुत्र घायल हो गया। उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि उक्त कालोनी में रहने वाले बिंदा सिंह व उनके पुत्र प्रवीण कुमार सिंह के बीच किसी बात पर विवाद हो गया है।
इसी बीच प्रवीण ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर ले ली। पिता रिवाल्वर को छीनने लगे। इसी बीच गोली चल गयी जो 32 वर्षीय प्रवीण को हाथ में लग गई।
परिजन युवक को लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर गए जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके पर भेलूपुर पुलिस ने पहुंचकर रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया। वहीं थाना प्रभारी के अनुसार पारिवारिक विवाद का मामला है। पुत्र अपने पिता के खिलाफ कोई बयान नहीं दे रहा है।