Headlines
Loading...
न तीर लगा, न जली माचिस... ''रावण'' को लगा करंट, समय से पहले ही जल गया भाई व बेटे के साथ लंकापति रावण, दिल्ली व इंदौर की घटना...

न तीर लगा, न जली माचिस... ''रावण'' को लगा करंट, समय से पहले ही जल गया भाई व बेटे के साथ लंकापति रावण, दिल्ली व इंदौर की घटना...

नईदिल्ली, ब्यूरो। दिल्ली के पटेल नगर में दशहरे से पहले एक हादसे ने त्योहार की तैयारियों को प्रभावित कर दिया। यहां रावण दहन के लिए तैयार किए गए पुतले में आग लग गई, जिससे वह देखते ही देखते जलकर राख हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

शॉर्ट सर्किट के बाद पुतले में लगी आग जानकारी के अनुसार, सोमवार को बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने के बाद रावण के पुतले में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे पुतले को अपनी चपेट में ले लिया और पुतला पूरी तरह जल गया। रावण दहन के लिए पुतले को तैयार करने में काफी खर्च और मेहनत की गई थी। हालांकि, पुतले की लागत और हादसे में हुए आर्थिक नुकसान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दशहरे की तैयारियों को लगा झटका दशहरे पर रावण दहन देखने के लिए स्थानीय लोग हर साल उत्साह के साथ इंतजार करते हैं। ऐसे में त्योहार से ठीक पहले पुतले के जल जाने से आयोजकों और स्थानीय लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा। हादसे के कारण रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां भी प्रभावित हुई हैं।

मप्र के इंदौर में भी हुई यही घटना

इसके अलावा, मध्यप्रदेश के इंदौर में भी ऐसी ही घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, इंद्रपुरी इलाके में दशहरे के अवसर पर रावण दहन की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अचानक रावण के पुतले में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

आग लगते ही कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं और पूरा पुतला जलने लगा। पुतले में लगाए गए पटाखे भी आग की चपेट में आ गए, जिससे वे अचानक फूटने लगे। पटाखों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों का ध्यान घटनास्थल की ओर गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बता दें कि इंद्रपुरी में दशहरे पर रावण दहन का आयोजन भाजपा विधायक मधु वर्मा की टीम की ओर से किया जाता है।इसी कार्यक्रम के लिए रावण का पुतला तैयार किया जा रहा था, लेकिन अचानक आग लगने से पुतला पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना के बाद दशहरे के आयोजन पर संकट के बादल मंडराने लगे। 

आयोजकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती समय रहते नया पुतला तैयार करने की थी, क्योंकि रावण दहन दशहरे के कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा होता है। हादसे के बाद आयोजकों ने तुरंत कदम उठाते हुए नए रावण का पुतला तैयार करने का काम शुरू किया गया, ताकि निर्धारित समय पर रावण दहन का आयोजन किया जा सके।