डेंटिस्ट से IPS बनीं नवजोत सिमी की लव स्टोरी, IAS तुषार सिंगला से ऑफिस में रचाई थीं शादी, अब पटना में साथ रहेंगे दोनों...
IPS Navjot Simi Love Story: बिहार की चर्चित IPS अधिकारी डॉ. नवजोत सिमी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. राज्य सरकार के हालिया प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें अरवल के SP पद से हटाकर अपराध अनुसंधान विभाग (CID) में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.उनकी नई पोस्टिंग के साथ ही उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में है।
डेंटिस्ट से IPS अधिकारी बनने का सफर हो या IAS तुषार सिंगला के साथ उनकी प्रेम कहानी, नवजोत सिमी की जिंदगी के कई ऐसे पहलू हैं, जो युवाओं को प्रेरित करते हैं. दोनों की शादी भी बेहद खास अंदाज में हुई थी. उन्होंने किसी भव्य समारोह के बजाय तुषार सिंगला के कार्यालय में सादगी से विवाह किया था।
आईपीएस नवजोत सिमी और आईएएस तुषार सिंगला
डेंटिस्ट की पढ़ाई से शुरू हुआ सफर, फिर UPSC को बनाया लक्ष्य
डॉ. नवजोत सिमी का जन्म 21 दिसंबर 1987 को पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था. उन्होंने बाबा जसवंत सिंह डेंटल कॉलेज से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने कुछ अलग करने का फैसला किया। डेंटिस्ट के रूप में करियर बनाने के बजाय उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया।
नवजोत सिमी ने दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी शुरू की. उनका पहला प्रयास सफल नहीं रहा. साल 2016 में उन्हें निराशा हाथ लगी. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. अगले साल फिर परीक्षा दी और 2017 में 735वीं रैंक हासिल की. इस सफलता के साथ उनका IPS बनने का सपना पूरा हुआ।
उन्होंने पंजाब PCS की परीक्षा भी पास की थी. इसके बाद वह एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर भी बनीं. हालांकि, उनकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर IPS अधिकारी के रूप में बनी।
शादी की तस्वीर
IAS तुषार सिंगला से प्रेम कहानी, वैलेंटाइन डे पर की शादी
नवजोत सिमी की निजी जिंदगी का सबसे चर्चित पहलू IAS तुषार सिंगला के साथ उनकी शादी है. तुषार सिंगला पश्चिम बंगाल कैडर के IAS अधिकारी थे. दोनों ने 14 फरवरी 2020 को वैलेंटाइन डे के दिन शादी की. उनकी शादी का अंदाज आम शादियों से बिल्कुल अलग था।
व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच दोनों ने किसी भव्य आयोजन का इंतजार नहीं किया. नवजोत सिमी और तुषार सिंगला ने उनके कार्यालय में ही सादगी से विवाह किया. शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद यह खबर काफी चर्चा में रही. लोगों ने इस अनूठे विवाह की खूब बात की।
दोनों की कहानी में खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पेशेवर जीवन की व्यस्तताओं के बीच एक-दूसरे का साथ चुना. उनकी शादी ने यह भी दिखाया कि जीवन के बड़े फैसलों के लिए हमेशा भव्य आयोजन जरूरी नहीं होता. सादगी के साथ भी किसी खास पल को यादगार बनाया जा सकता है।
बाद में तुषार सिंगला ने बिहार कैडर में अपना स्थानांतरण करा लिया. इससे दोनों के एक ही राज्य में रहने का रास्ता बना।
आईएएस तुषार एंड आईपीएस नवजोत की शादी की तस्वीर
अब पटना में साथ रह सकेंगे नवजोत सिमी और तुषार सिंगला
अरवल में SP रहते हुए नवजोत सिमी कई मौकों पर चर्चा में रहीं. स्वतंत्रता दिवस के समारोह में अपने छोटे बेटे के साथ उनकी मौजूदगी भी लोगों का ध्यान खींच चुकी है. पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारियों के साथ परिवार को समय देने की उनकी कोशिशों की भी चर्चा होती रही है। उनके पति तुषार सिंगला बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य पालन और पशुपालन विभाग में निदेशक (मत्स्य पालन) के पद पर तैनात हैं. अब नवजोत सिमी को CID में SP की जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों की पोस्टिंग पटना में हो गई है. ऐसे में दोनों को साथ रहने का मौका मिल सकेगा।
आईएएस पति और आईपीएस पत्नी दोनों साथ में
सोशल मीडिया पर भी है जबरदस्त लोकप्रियता
नवजोत सिमी अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहती हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जाते हैं. उनकी तस्वीरों और पोस्ट को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं।
उनकी लोकप्रियता की वजह सिर्फ उनका व्यक्तित्व नहीं है. डेंटिस्ट की पढ़ाई से सिविल सेवा तक पहुंचने की उनकी यात्रा भी युवाओं को आकर्षित करती है. असफलता के बाद दोबारा प्रयास करना और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना उनकी कहानी का अहम हिस्सा है।
अब CID में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नवजोत सिमी की भूमिका बिहार पुलिस के अपराध अनुसंधान से जुड़े कामों में होगी. उनकी पेशेवर यात्रा और निजी जीवन, दोनों ही उन्हें लगातार चर्चा में बनाए रखते हैं।