मेहमानों के लिए 10 क्विंटल लड्डू, 400 गाड़ियों का काफिला व बेटी के तिलक में दिखा बाहुबली अनंत सिंह का रुतबा !!...
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह का तिलक समारोह अपनी भव्यता और शाही इंतजामों को लेकर चर्चा में है. बेटी की शादी के लिए अनंत सिंह ने खास तैयारियां की हैं। तिलक समारोह में 10 क्विंटल देसी घी के लड्डू बनवाए गए।
वहीं अनंत सिंह 400 से ज्यादा लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ दानापुर पहुंचे। इसके अलावा होने वाले दामाद के लिए रेंज रोवर डिफेंडर भी मंगाई गई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुए इस आयोजन में शाही ठाठ-बाट की भी खूब झलक देखने को मिली।
पैतृक गांव नदवां से शुरू हुईं शादी की रस्में
शिवांगी सिंह की शादी की रस्मों की शुरुआत अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां से हुई। यहां घर की महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाकर तिलक और चुमावन की रस्में निभाईं। इस दौरान पूरा घर खुशियों से सराबोर नजर आया. परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने मिलकर शादी की शुरुआती रस्मों में हिस्सा लिया। शिवांगी के छोटे भाई अभिनव भी इन कार्यक्रमों में शामिल हुए।
समधी का गुलदस्ते से स्वागत, दामाद को दिए महंगे तोहफे तस्वीरों में देखिए अनंत सिंह की बेटी का शाही तिलक
400 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे अनंत सिंह
गांव में रस्में पूरी करने के बाद अनंत सिंह अपने परिवार और समर्थकों के साथ दानापुर के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब तीन बजे नदवां से निकले इस काफिले में 400 से ज्यादा गाड़ियां शामिल थीं। काफिले में कई लग्जरी गाड़ियां थीं. इतनी बड़ी संख्या में गाड़ियों के सड़क पर उतरने से लोगों का ध्यान इस आयोजन की तरफ गया। देर रात तक दानापुर स्थित जी रिसॉर्ट में तिलक और फलदान की रस्में चलती रहीं।
मेहमानों के लिए तैयार कराए गए 10 क्विंटल लड्डू
इस समारोह में मेहमानों के स्वागत और खाने-पीने के खास इंतजाम किए गए थे। जानकारी के मुताबिक, मेहमानों की खातिरदारी के लिए 1000 किलो यानी 10 क्विंटल शुद्ध देसी घी के लड्डू तैयार कराए गए। इतनी बड़ी मात्रा में लड्डू बनवाना भी समारोह की चर्चा की बड़ी वजह बना हुआ है। आयोजन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और अन्य मेहमान पहुंचे।
होने वाले दामाद को मिलेगी रेंज रोवर डिफेंडर
तिलक समारोह में उपहारों की भी खूब चर्चा रही. शिवांगी के होने वाले पति के लिए लग्जरी रेंज रोवर डिफेंडर मंगाई गई. यह कार शुक्रवार को अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां पहुंची. कार को लेकर भी इलाके में काफी चर्चा रही. समारोह में पारंपरिक रस्मों के साथ आधुनिक और महंगे उपहारों का खास मेल देखने को मिला.
25 नवंबर को नदवां में होगी शिवांगी की शादी
शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है. दोनों परिवारों की सहमति से 25 नवंबर को विवाह की तारीख निर्धारित की गई है. शादी का मुख्य आयोजन अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में होगा. इसके लिए गांव में तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
अनंत सिंह के परिवार में इन दिनों दोहरी खुशियों का माहौल है. एक तरफ बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियां चल रही हैं तो दूसरी तरफ बेटे अभिनव के जनेऊ संस्कार की तैयारी भी की जा रही है. ऐसे में घर में लगातार मांगलिक कार्यक्रम हो रहे हैं।