10 दिसंबर को नहीं, 5 दिसंबर को होगा संस्कृत विश्वविद्यालय का 7 साल बाद दीक्षांत समारोह !! नया शेड्यूल आया सामने...
Darbhanga Sanskrit University: कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह अब 5 दिसंबर को आयोजित होगा. पहले यह कार्यक्रम 10 दिसंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसकी तिथि में बदलाव कर दिया गया है। कुलाधिपति ने नई तिथि पर समारोह आयोजित करने और स्वयं इसकी अध्यक्षता करने की स्वीकृति दे दी है. इस संबंध में कुलाधिपति सचिवालय की ओर से विश्वविद्यालय को आधिकारिक पत्र भेजा गया है.
कुलाधिपति सचिवालय के अपर सचिव संजय कुमार ने 6 नवंबर को कुलपति को पत्र जारी कर नई तिथि की जानकारी दी थी. कुलसचिव डॉ दिनेश झा ने पत्र मिलने की पुष्टि की है. पत्र के अनुसार, इससे पहले 16 अक्टूबर को जारी आदेश में 10 दिसंबर को दीक्षांत समारोह आयोजित करने की अनुमति दी गई थी. अब इस स्वीकृति को स्थगित करते हुए 5 दिसंबर की नई तिथि तय की गई है।
सात साल बाद होगा दीक्षांत समारोह
कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में करीब सात साल बाद दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है. इसमें वर्ष 2019 से 2025 तक अधिसूचित पीएचडी और पीजी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी. लंबे इंतजार के बाद डिग्री मिलने की उम्मीद कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह समारोह खास होने वाला है। विश्वविद्यालय प्रशासन को अब समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की भागीदारी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना होगा. नई तारीख के अनुसार सभी तैयारियां पूरी करने की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन पर होगी।
मांगी गयी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की जानकारी
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलाधिपति सचिवालय ने कुलपति को जरूरी निर्देश भी दिए हैं. विश्वविद्यालय को समारोह की विस्तृत कार्यसूची यानी एजेंडा, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और मंच व्यवस्था का डायस प्लान तैयार कर समय रहते राज्यपाल के परिसहाय को उपलब्ध कराना होगा।
कुलाधिपति की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को कम समय में सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी. कार्यक्रम में उपाधि वितरण के साथ मंच और अतिथियों से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जाना है. अब विश्वविद्यालय के सामने 5 दिसंबर से पहले पूरी तैयारी सुनिश्चित करने की चुनौती है।