Headlines
Loading...
प्रयागराज में मां ने 11 साल के बेटे का घोंटा गला,  बड़ी बहन ने देखा तो बोली- मुंह खोला तो तेरा भी यही हाल होगा, फिर ऐसे खुला हत्या का राज...

प्रयागराज में मां ने 11 साल के बेटे का घोंटा गला, बड़ी बहन ने देखा तो बोली- मुंह खोला तो तेरा भी यही हाल होगा, फिर ऐसे खुला हत्या का राज...

Prayagraj Murder Case : जिस मां की गोद में 11 साल के रामसुख को सुरक्षित होना चाहिए था, उसी ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी है। घर में मौजूद 15 वर्षीय बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी आंखों के सामने मां को कपड़े के फीते से भाई का गला कसते देखा था।मां ने उसे भी किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पिता की शिकायत और बेटी के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी मां सोना देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

रामलीला देखकर लौटा था रामसुख

मामला प्रयागराज बहरिया थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव का है. पिता पूर्णमासी लाल मौर्य ने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर को वह करेली में मजदूरी कर रहे थे, इसी दौरान उनके भतीजे महेंद्र का फोन आया. उसने बेटे रामसुख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना दी. घर पहुंचने पर उन्होंने बेटे का शव दरवाजे पर रखा देखा।

मां ने पेट दर्द बताकर सो जाने की बात कही

पिता के पूछने पर पत्नी सोना देवी ने बताया कि रामसुख 28 अक्टूबर की रात रामलीला देखकर घर लौटा था. उसने पेट दर्द की शिकायत की और सो गया. हालांकि, बेटे के गले पर निशान देखकर पिता को शक हुआ. उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना बताई गई।

बहन ने बताई मां की खौफनाक करतूत

घटना के बाद 15 वर्षीय संगीता लगातार रो रही थी. 30 अक्टूबर को उसने पिता को पूरी बात बताई. संगीता के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात मां ने कपड़े के फीते से रामसुख का गला कस दिया था. उसने अपनी आंखों के सामने भाई को छटपटाते देखा. मां ने उसके गले में कपड़ा लपेटकर खींचा था. संगीता ने यह भी बताया कि मां ने रामसुख की पीठ पर मारा था।

भाई को मारने के बाद बहन को भी दी धमकी

संगीता ने पिता को बताया कि मां रामसुख से परेशान रहती थी. उसका कहना था कि रामसुख उसे गाली देता था और मारपीट करता था. घटना के बाद मां ने बेटी को धमकाया कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसका भी वही हाल कर देगी, जो रामसुख का हुआ है. डर के कारण संगीता पहले चुप रही. बाद में उसने पिता को पूरी घटना बताई।

पिता की तहरीर पर गिरफ्तार हुई आरोपी मां

पिता पूर्णमासी लाल मौर्य ने बेटी के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। उनकी तहरीर और संगीता के बयान के आधार पर पुलिस ने सोना देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इससे पहले परिजनों की ओर से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सोना देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।