Headlines
Loading...
टीम इंडिया के ऊपर लापरवाही भरी बैटिंग से मंडराया फॉलोऑन का खतरा? न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में हालत खस्ता-116/6

टीम इंडिया के ऊपर लापरवाही भरी बैटिंग से मंडराया फॉलोऑन का खतरा? न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में हालत खस्ता-116/6

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच क्राइटचर्च के हेगले ओवल में खेला जा रहा है। शनिवार को मैच के दूसरे दिन मेजबान न्यूजीलैंड का दबदबा देखने को मिला। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 356 रन बनाने के बाद भारतीय टीम की हालत खस्ता कर दी। स्टंप्स के समय भारत का पहली पारी में स्कोर 46 ओवर में छह विकेट पर 116 रन था। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाज बुरी तरह जूझते हुए नजर आए। 

भारत पर अब फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। फॉलोऑन टेस्ट क्रिकेट में एक ऑप्‍शनल नियम है। अगर पहले बैटिंग करने वाली टीम चाहे तो निर्धारित न्यूनतम बढ़त हासिल करने के बाद फॉलोऑन दे सकती है। यह फैसला पहले बैटिंग करने वाली टीम का कप्तान मजबूत स्थिति में होने की सूरत में लेता है।

टीम इंडिया के ऊपर से कैसे टलेगा फॉलोऑन का खतरा?

टेस्ट में फॉलोऑन देने के लिए पहले बैटिंग करने वाली टीम के पास कम से कम 200 रन की बढ़त होनी चाहिए। भारत अभी कीवी टीम से 240 रन पीछे है। टीम इंडिया को फॉलोऑन का खतरा टालने के लिए रविवार को 41 रनों की जरूरत है और उसके चार विकेट शेष हैं। अगर न्यूजीलैंड ने मैच के तीसरे दिन भारत की पहली पारी को जल्दी समेट दिया तो कप्तान टॉम लैथम के पास मेहमान टीम को फॉलोऑन देने का विकल्प होगा। 

फॉलोऑन देने का मकसद मैच को ड्रॉ होने से बचाना होता है ताकि रिजल्ट निकल सके। भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ हो गया था। दो मैचों की सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा है और भारत के नजरिए से बेहद अहम है। ऐसे में भारतीय टीम रविवार को दमदार वापसी करने की फिराक में होगी।

राहुल से लेकर कप्तान गिल तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए

भारत की शुरुआत खराब रही। भारत ने 59 रन जोड़कर तीन विकेट खोए। ओपनर यशस्वी जायसवाल का खाता नहीं खुला। केएल राहुल (80 गेंदों में 25), देवदत्त पडिक्कल (20 गेंदों में 21), ऋषभ पंत (39 गेंदों में 23) और कप्तान शुभमन गिल (29 गेंदों में 17) बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 60 गेंदों में सिर्फ 10 रन बनाए। उनके आउट होते ही स्टंप्स की घोषणा हो गई। 

स्टंप उखड़ने के समय ध्रुव जुरेल 45 गेंदों में सात रन पर नाबाद थे। न्यूजीलैंड की ओर से काइल जैमीसन और जैकब डफी ने दो-दो जबकि मैट हेनरी ने एक विकेट झटका। इससे पहले न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पारी पांच विकेट पर 246 रन से आगे बढ़ाई। न्यूजीलैंड ने टॉम ब्लंडेल (211 गेंद पर 89) की शानदार बैटिंग के दम पर मजबूत स्कोर बनाया। 

ग्लेन फिलिप्स (36) अपने कल के स्कोर में कोई रन नहीं जोड़ पाए। उनके आउट होने के बाद नाथन स्मिथ (26), जैमीसन (19) और हेनरी (19) ने उपयोगी योगदान दिया। भारत की तरफ से आकाश दीप सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 99 रन देकर पांच विकेट लिए। गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट लिए।