भारतीय महिला प्लेयर ने पाकिस्तानी बल्लेबाज से छीना वर्ल्ड रिकॉर्ड, महज 14 गेंदों में ही ठोक दी फिफ्टी...
भारतीय महिला क्रिकेट की एक ऑलराउंडर ने पाकिस्तान की दिग्गज बल्लेबाज से एक वर्ल्ड रिकॉर्ड छीन लिया है। महज 14 गेंदों में फिफ्टी ठोककर भारतीय महिला ऑलराउंडर प्रेमा रावत ने इतिहास रच दिया है। प्रेमा रावत अब वुमेंस टी20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में अर्धशतक जड़ने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।
यह रिकॉर्ड अभी तक पाकिस्तान की बल्लेबाज फातिमा सना के नाम दर्ज था, लेकिन सोमवार 2 नवंबर को प्रेमा रावत ने उनसे यह कीर्तिमान छीन लिया और अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया।
12 नवंबर को 25 साल की होने जा रहीं प्रेमा रावत ने उत्तराखंड के लिए खेलते हुए हैदराबाद के खिलाफ वुमेंस चैलेंजर टी20 ट्रॉफी के एक मैच में पुणे के एमसीए क्रिकेट स्टेडियम में 3 चौके और 6 छक्कों की मदद से महज 14 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर ली। 357 का स्ट्राइक रेट उनका इस पारी में था।
उत्तराखंड को इस मैच में उन्होंने 180 के पार ले जाने में जाने में मदद की। बाद में हैदराबाद की टीम रन चेज में 98 रन ही बना सकी और मैच 89 रनों से हार गई, क्योंकि 187 रन उत्तराखंड ने प्रेमा की तूफानी पारी की बदौलत बनाए थे।
फातिमा सना का रिकॉर्ड किया ध्वस्त
इस तूफानी पारी के साथ प्रेमा रावत ने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना का रिकॉर्ड तोड़ दिया। फातिमा ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान के लिए 15 गेंदों में हाफ-सेंचुरी बनाई थी। इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अभी भी फातिमा सना के नाम दर्ज है, लेकिन ओवरऑल वुमेंस टी20 क्रिकेट में यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अब प्रेमा रावत के नाम दर्ज है।
तूफानी अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद इस मैच में प्रेमा रावत ने बॉलिंग में भी हाथ आजमाया। उन्होंने चार ओवर के कोटे में 12 रन दिए और दो विकेट अपने नाम किए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
आपकी जानकारी के लिए बता दें, प्रेमा रावत इंटरनेशल क्रिकेटर हैं। उन्होंने इस साल मैनचेस्टर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए अपना T20I डेब्यू किया। भारत के लिए अपनी पहली पारी में वह तीन रन पर नॉट आउट रहीं थीं और कोई विकेट उनको नहीं मिला था।
हैरानी की बात यह है कि आधा दर्जन से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकीं प्रेमा रावत ने अभी तक उतने रन नहीं बनाए, जितनी गेंदों में उन्होंने अर्धशतक पूरा किया। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके रनों की संख्या महज 13 है। 7 मैचों की 3 पारियों में उनकी बल्लेबाजी आई है।