Headlines
Loading...
सीएम योगी की उपस्थिति में शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा आगामी 19 नवंबर से प्रदेश भर में बूथ स्तर पर मतदाता जोड़ो अभियान शुरू करेगी...

सीएम योगी की उपस्थिति में शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा आगामी 19 नवंबर से प्रदेश भर में बूथ स्तर पर मतदाता जोड़ो अभियान शुरू करेगी...

लखनऊ, न्यूज शुक्रवार। भारतीय जनता पार्टी आगामी 19 नवंबर से प्रदेश भर में बूथ स्तर पर मतदाता जोड़ो अभियान शुरू करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा के मतदाता जोड़ो अभियान की कर्यशाला संपन्न हुई।कार्यशाला की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने की। कार्यशाला को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सम्बोधित किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रत्येक पात्र वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना उसका संवैधानिक अधिकार है, वहीं प्रत्येक अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी है। जो व्यक्ति भारत का नागरिक नहीं है, वयस्क नहीं है अथवा जिसका नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है, उसका नाम मतदाता सूची में बने रहना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा मतदाता सूची का शुद्धीकरण केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का संवैधानिक दायित्व है। पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को गंभीरता से लें और 19 नवंबर से बूथ स्तर पर युद्धस्तर पर अभियान शुरू करें।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाता को मताधिकार से वंचित होने से बचाना और अपात्र नामों को सूची से हटवाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केवल नाम जोड़ने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों की पहचान कर उन्हें दूर कराने के लिए भी सक्रिय भूमिका निभानी है। हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जुड़वाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करना होगा। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की सही जानकारी कार्यकर्ताओं को होनी चाहिए। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और स्थानांतरण अथवा संशोधन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने का अंतिम महत्वपूर्ण अवसर है। हर कार्यकर्ता गंभीरता से प्रयास करे कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हों और इसमें कोई विसंगति न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि कोई भी ताकत यूपी में भारतीय जनता पार्टी को हैट्रिक लगाने से नहीं रोक सकती।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी श्रमिकों और कामगारों की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में नोएडा, दिल्ली और दूसरे राज्यों में काम करते हैं। ऐसे सभी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में होने चाहिए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि दूसरे राज्यों और दूसरे जनपदों में काम कर रहे प्रवासी अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और कामगारों से संवाद स्थापित किया जाए। यदि किसी का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो इसे शामिल कराने के लिए उनके परिजनों की मदद लेनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता मतदाता सूची में संभावित फर्जीवाड़े और दोहरे नामों की विसंगतियों की पहचान करें। ऐसी विसंगतियां कई विधानसभा क्षेत्रों में हो सकती हैं। कार्यकर्ताओं को इनकी पहचान कर नियमानुसार सुधार के लिए आवेदन करना चाहिए। प्रत्येक भारतीय वयस्क नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए, लेकिन जो भारत का नागरिक नहीं है, जो वयस्क नहीं है अथवा जिसका नाम पहले से एक स्थान पर दर्ज है, उसका नाम दूसरी जगह भी नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों को लेकर फैले भ्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों सूचियां अलग-अलग हैं। पंचायत और स्थानीय निकाय के चुनाव राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची से होते हैं, जबकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची के आधार पर होते हैं। इस अंतर को लेकर भ्रामक सूचना फैली, कार्यकर्ताओं को इस संबंध में मतदाताओं को जागरूक करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से नई जनगणना के आधार पर भी मतदाता सूची को देखने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 19 नवंबर से बूथ स्तर पर अभियान शुरू करें। प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाए, प्रत्येक स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएं और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग हो। कमल साथी ऐप के माध्यम से उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर फॉर्म-6, 7 और 8 की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जाए। 

विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, छात्रावासों, मोहल्लों और कोचिंग सेंटरों में युवा मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाए। युवा मोर्चा और विद्यार्थी परिषद को युवाओं से संवाद की जिम्मेदारी दी जाए। महिला मोर्चा महिला मतदाताओं पर फोकस करे।पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित संगठनात्मक कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।

चौधरी ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि प्रत्येक बूथ पर घर-घर जाकर अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत दर्शाए गए मतदाताओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें। पात्र नागरिकों के निर्धारित आवेदन ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से जमा कराएं।

उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का मतदाता पंजीकरण प्राथमिकता से कराया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष ने मातृशक्ति की भागीदारी पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर महिला वोटर प्रमुख नियुक्त किए जाएं। उनके नेतृत्व में घर-घर संपर्क कर पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाए जाएं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद, जिला पंचायत अध्यक्ष सहकारी संस्थाओं के अध्यक्ष एवं सदस्य सहित सभी जनप्रतिनिधियों को पूरी सक्रियता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ जुटना है।

अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करना है। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करें, लोगों को मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें तथा नए मतदाताओं, विशेषकर युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास करें।