Headlines
Loading...
25 दिनों के बाद पकड़ा गया बनारस का तेंदुआ, बंगला नंबर 61 के पिंजरे में हुआ कैद, कई दिनों से फैला रहा था दहशत...

25 दिनों के बाद पकड़ा गया बनारस का तेंदुआ, बंगला नंबर 61 के पिंजरे में हुआ कैद, कई दिनों से फैला रहा था दहशत...

वाराणसी, न्यूज। काशीवासियों के लिए राहत भरी खबर है. पिछले 25 दिनों से वाराणसी के कैंटोनमेंट इलाके में दहशत का पर्याय बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आ गया. रविवार देर रात करीब एक बजे छावनी क्षेत्र स्थित बंगला नंबर 61 के परिसर में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया।

तेंदुए के पकड़े जाने के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली है। वहीं, इलाके के लोगों में भी दहशत खत्म होने की उम्मीद जगी है। जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य जांच के बाद उसे प्राकृतिक वास में छोड़ा जाएगा. प्रभारी वन अधिकारी वाराणसी निधि चौहान ने बताया क‍ि तेंदुआ पकड़े जाने के बाद अब छोड़ने के ल‍िए व‍िभागीय स्‍तर पर आगे की सारी तैयारी की जाएगी।

ताजा पंजों के निशान से मिली कामयाबी
जानकारी के मुताबिक, बंगला नंबर 61 के परिसर में तेंदुए के पंजों के ताजा निशान मिले थे. इसके बाद वन विभाग की टीम ने इसी स्थान को तेंदुए को पकड़ने के लिए चिह्नित करते हुए पिंजरा लगाया। रविवार देर रात तेंदुआ परिसर में चहलकदमी करते हुए पिंजरे तक पहुंचा और उसमें फंस गया। करीब 25 दिनों से लगातार तलाश में जुटी वन विभाग की टीम को आखिरकार बड़ी कामयाबी मिल गई।

22 अक्टूबर को पहली बार CCTV में दिखा था तेंदुआ

वाराणसी में तेंदुए की मौजूदगी का मामला 22 अक्टूबर को सामने आया था। पहली बार तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था. इसके बाद कैंटोनमेंट, नदेसर, वरुणा समेत कई रिहायशी इलाकों में उसकी गतिविधियां देखी गईं. तेंदुए की दहशत को देखते हुए सुरक्षा कारणों से सेंट मैरी स्कूल को भी बंद करना पड़ा था। 

लगातार तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल था. लोग सुबह-शाम घरों से निकलने में भी सतर्कता बरत रहे थे। वन विभाग की कई दिनों की निगरानी, तलाश और पिंजरा लगाने की रणनीति के बाद आखिरकार तेंदुआ पकड़ लिया गया. इसके साथ ही करीब चार सप्ताह से जारी दहशत पर विराम लगने की उम्मीद है।