वाराणसी जिले के जंसा थाने में दरोगा की बाइक चोरी, 3 दिन तलाश के बाद अपने ही थाने में दर्ज कराई FIR...
उत्तर प्रदेश के वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जनपद में सख्त कानून व्यवस्था का दावा किया जाता है, लेकिन जनपद में बेखौफ चोरों ने दरोगा की बाइक चोरी करके पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। दरोगा द्वारा तीन दिन तक मोटरसाइकिल खोजने का भी प्रयास किया गया।
जब उसकी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई। इसके बाद दिए गए तहरीर के आधार पर एक अज्ञात के खिलाफ उसी थाने पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है जिस पर दरोगा की तैनाती है। यह मामला अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
क्या है पूरा मामला ?
मीडिया को मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी के जन्सा थाना अंतर्गत फतेहपुर के रहने वाले अजय कुमार जो जन्सा थाना पर उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी टीवीएस अपाचे उनके रूम के बाहर से चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। इसके बाद उन्होंने तीन दिन तक उस मोटरसाइकिल को खोजने का प्रयास किया लेकिन इसके संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई। इसके बाद उनके द्वारा इस मामले में अपने ही थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
एक अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
अब इस मामले में संज्ञान लेते हुए प्राप्त शिकायत के आधार पर BNS की धारा 303(2) के तहत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है. अब देखना यह होगा कि दरोगा की बाईक कब तक बरामद होती है और पुलिस द्वारा चोर को कब तक गिरफ्तार किया जाता है।
इस घटना को तीन दिन तक जिस तरह दरोगा और पुलिस द्वारा छिपाया गया, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. कहा जा रहा है कि पुलिस की नाक के नीचे से पुलिस की ही बाइक चोरी की घटना से बात खराब होने का डर था, इसलिए बिना FIR ही बाइक को ढूंढा जा रहा था।
लेकिन जब कोई सफलता हाथ नहीं लगी तो FIR करवाई गयी। इस पर स्थानीय लोग बातें भी कर रहे हैं कि जब पुलिस की बाइक ही सुरक्षित नहीं तो आम जन के माल का कौन रक्षक है? जब कि वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जनपद में सख्त कानून व्यवस्था का दावा किया जा रहा है।