National News
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में मिले 3 जिंदा हैंड ग्रेनेड, JCB से खुदाई के दौरान हुई बरामद...
श्री नगर न्यूज़ डेस्क। जम्मू-कश्मीर के उत्तरी कश्मीर स्थित बारामूला जिले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बाग में खुदाई के दौरान तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड मिले. ये ग्रेनेड जिले के दुर्हामा इलाके में पानी की पाइपलाइन बदलने के काम के दौरान मिले।
जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और मौके पर बम निरोधक दस्ते (BDS) को बुलाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्हामा इलाके में पानी की पाइपलाइन बदलने का काम चल रहा था. इसी दौरान JCB मशीन की मदद से खुदाई की जा रही थी. जब मशीन से जमीन खोदी गई, तो वहां एक पॉलीथीन बैग में लिपटा हुआ संदिग्ध सामान दिखाई दिया. जांच करने पर उसके अंदर तीन हैंड ग्रेनेड मिले. शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों ग्रेनेड जिंदा और जंग लगे हुए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जानकारी संबंधित एजेंसियों को दे दी गई है और मामले को संज्ञान में लिया गया है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये ग्रेनेड कितने पुराने हैं और इन्हें बाग में किसने और कब छिपाया था।
फिलहाल, ग्रेनेड मिलने के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. जांच एजेंसियां इस मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच कर सकती हैं. अधिकारियों की ओर से इस मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
अधिकारियों ने बताया कि ये तीनों ग्रेनेड एक लोकल बाग में जमीन के अंदर दबे हुए थे. पाइपलाइन बदलने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान इनका पता चला. ग्रेनेड मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई. इसके बाद संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बारामूला के बम निरोधक दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया. दस्ते ने वहां पहुंचकर जरूरी कार्रवाई की. जंग लगे होने के बावजूद ग्रेनेड जिंदा बताए गए हैं, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से इन्हें गंभीरता से लिया गया।