अब कार-बाइक मालिकों की बल्ले-बल्ले! उन्हें 3 साल तक नहीं कराना होगा PUC सर्टिफिकेट !!! रिन्यू, सरकार ने बदले नियम...
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। भारत सरकार ने गाड़ियों से निकलने वाले पॉल्यूशन को कंट्रोल करने के लिए नए नियमों में कुछ बदलाव किया है। इसके तहत ही पॉल्युशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट की वैलिडिटी टाइम को अपग्रेड किया गया है। नए नियमों के मुताबिक, छह साल से कम पुराने BS-6 मानक वाले निजी वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट अब तीन साल तक के लिए ही वैलिड रहेगा। इससे ऐसे वाहन मालिकों को बार-बार PUC सेंटर जाकर सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आइए इसके बारे में विस्तार में जानते हैं।
PUC के नए नियम
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 13 नवंबर को PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी से जुड़े संशोधित नियमों को अधिसूचित किया। ये बदलाव सेंटर मोटर व्हीक्ल्स नियम, 2026 के तहत किए गए हैं। ये नियम मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अंतर्गत आते हैं और आधिकारिक राजपत्र (Official Gazette) में प्रकाशित होने के साथ प्रभावी हो गए हैं।
नए नियमों का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग उत्सर्जन मानकों और वाहन की उम्र के आधार पर PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी तय करना है। इसमें BS-6 निजी वाहनों को सबसे अधिक राहत दी गई है। वहीं, पुराने वाहनों के लिए पहले की तरह कम अवधि में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना जरूरी रहेगा।
नए नियमों के तहत PUC सर्टिफिकेट की वैधता
वाहन का प्रकार
वाहन की उम्र
PUC सर्टिफिकेट की वैधता
BS-1, BS-2 और BS-3
सभी वाहन
3 महीने
BS-4
सभी वाहन
6 महीने
BS-6 निजी वाहन
6 साल तक
3 साल
BS-6 निजी वाहन
6 से 10 साल
1 साल
BS-6 निजी वाहन
10 साल से अधिक
6 महीने
BS-6 कमर्शियल वाहन
6 साल तक
2 साल
BS-6 कमर्शियल वाहन
6 से 10 साल
1 साल
BS-6 कमर्शियल वाहन
10 साल से अधिक
6 महीने
PUC रिन्यूअल से जुड़े अन्य जरूरी नियम
स्थिति
नया नियम
एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यूअल
नया सर्टिफिकेट पुरानी एक्सपायरी डेट से प्रभावी होगा।
एक्सपायरी के बाद रिन्यूअल
नया सर्टिफिकेट जारी होने की तारीख से प्रभावी होगा।
पुराने PUC सर्टिफिकेट
पहली बार रिन्यू कराने पर नई वैधता अवधि लागू होगी।
मिलेगी 3 साल की वैलिडिटी
नए नियमों के अनुसार, छह साल से कम पुराने BS-6 मानक वाले निजी वाहनों के PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी अब तीन साल होगी। इसका मतलब है कि ऐसे वाहन मालिकों को हर कुछ महीनों या साल में सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक बार जारी होने के बाद PUC सर्टिफिकेट तीन साल तक मान्य रहेगा।
हालांकि, यह सुविधा सभी निजी वाहनों के लिए नहीं है। BS-6 मानक वाले छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने निजी वाहनों को हर साल PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। वहीं, 10 साल से अधिक पुराने BS-6 निजी वाहनों के लिए सर्टिफिकेट की वैलिडिटी छह महीने निर्धारित की गई है। इस तरह वाहन की उम्र बढ़ने के साथ PUC रिन्यूअल की जरूरत भी बढ़ जाएगी।
BS-6 कमर्शियल वाहनों के लिए अलग नियम
संशोधित नियमों में निजी और परिवहन यानी कमर्शियल वाहनों के बीच अंतर रखा गया है। छह साल तक पुराने BS-6 परिवहन वाहनों को हर दो साल में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। निजी वाहनों की तरह इन्हें तीन साल की वैलिडिटी नहीं दी गई है।
इसके अलावा, छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने BS-6 परिवहन वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी एक साल होगी। वहीं, 10 साल से ज्यादा पुराने BS-6 परिवहन वाहनों को हर छह महीने में सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। इसके तहत वाहन की श्रेणी और उम्र के अनुसार रिन्यूअल की समय-सीमा तय की गई है।
BS-1, BS-2, BS-3 और BS-4 वाहनों के लिए कितनी होगी वैलिडिटी?
सरकार ने BS-6 वाहनों के अलावा पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी भी स्पष्ट की है। नए नियमों के अनुसार, BS-1, BS-2 और BS-3 मानक वाले वाहनों के PUC सर्टिफिकेट तीन महीने तक वैध रहेंगे। वहीं, BS-4 मानक वाले वाहनों के लिए यह अवधि छह महीने निर्धारित की गई है।
इसका अर्थ है कि BS-1 से BS-3 मानक वाले वाहन मालिकों को साल में चार बार तक PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत पड़ सकती है। BS-4 वाहनों के मामले में साल में दो बार रिन्यूअल कराना होगा। जबकि कम उम्र वाले BS-6 निजी वाहनों को तीन साल की वैलिडिटी मिलने से रिन्यूअल की प्रक्रिया काफी कम हो जाएगी।
वैलिडिटी और रिन्यूअल से जुड़े जरूरी नियम
सरकार ने PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी अवधि के साथ इसके रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी व्यवस्था स्पष्ट की है। अधिसूचना के अनुसार, अगर कोई वाहन मालिक मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की समाप्ति से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल के लिए आवेदन करता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की एक्सपायरी डेट से प्रभावी होगा। इससे दोनों सर्टिफिकेट की वैलिडिटी के बीच अनावश्यक अंतर नहीं बनेगा।
वहीं, अगर वाहन मालिक सर्टिफिकेट की वैलिडिटी समाप्त होने के बाद रिन्यूअल कराता है, तो नया PUC सर्टिफिकेट रिन्यूअल की तारीख से प्रभावी होगा। यानी एक्सपायरी के बाद रिन्यू कराने पर नए सर्टिफिकेट की वैलिडिटी उसी दिन से शुरू होगी, जिस दिन इसे जारी किया जाएगा।
पुराने PUC सर्टिफिकेट पर कब लागू होंगे नए नियम?
जिन वाहनों के पास संशोधित नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC सर्टिफिकेट हैं, उनके लिए भी अधिसूचना में प्रावधान किया गया है। ऐसे पुराने सर्टिफिकेट पर नई वैलिडिटी व्यवस्था तत्काल लागू नहीं होगी। इन सर्टिफिकेट को नए नियम लागू होने के बाद पहली बार रिन्यू कराए जाने पर संशोधित वैलिडिटी अवधि लागू होगी।
वाहन मालिकों के लिए क्या है इसका मतलब?
नए नियमों से छह साल से कम पुराने BS-6 निजी वाहन मालिकों को PUC रिन्यूअल के मामले में बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें अब हर छह महीने या सालाना सर्टिफिकेट बनवाने की जरूरत नहीं होगी। दूसरी ओर, पुराने BS-6 वाहनों, परिवहन वाहनों और BS-1 से BS-4 मानक वाले वाहनों के लिए निर्धारित समय पर रिन्यूअल कराना जरूरी रहेगा। इसलिए वाहन मालिकों को अपने वाहन की उम्र, उत्सर्जन मानक और श्रेणी के अनुसार PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी पर ध्यान देना चाहिए।