Headlines
Loading...
'भगवान राम के 5 पिता थे'...धीरेंद्र शास्त्री के दावे पर भड़के अखिलेश, बोले- ऐसे सनातन विरोधियों के रद्द हों सारे कार्यक्रम...

'भगवान राम के 5 पिता थे'...धीरेंद्र शास्त्री के दावे पर भड़के अखिलेश, बोले- ऐसे सनातन विरोधियों के रद्द हों सारे कार्यक्रम...

Dhirendra Shastri Controversy: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान राम के "पांच पिता" वाले विवादित बयान पर उत्तर प्रदेश में सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पर सख्त ऐतराज जताते हुए इसे 'सनातन विरोधी' गतिविधि करार दिया है। अखिलेश ने कहा कि भगवान राम और उनके पिता राजा दशरथ पर इस तरह की अभद्रता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए धीरेंद्र शास्त्री के सभी आगामी कार्यक्रमों को तुरंत रद्द करने की मांग की है।

धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम के पांच पिता होने की कही बात

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक बयान चर्चा में है, जिसमें वह भगवान राम के पांच पिता होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, 'राम जी के पांच बाप थे.' उन्होंने इस बात को दोहराते हुए कहा कि राम जी के पांच पिता हैं और इसे स्वीकार करना मुश्किल है, लेकिन यह सत्य बात है। उन्होंने आगे कहा कि यह बात किसी लेख में नहीं मिलेगी और यह भी नहीं पूछना चाहिए कि किस लेख में है।

दशरथ जी की अंत्येष्टि का भी किया जिक्र

अपने बयान में धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम के पिता राजा दशरथ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दशरथ जी के प्राण चले गए, लेकिन राम जी ने उनकी अंत्येष्टि क्रिया नहीं की। इसी संदर्भ में उन्होंने भगवान राम के पांच पिता होने की बात कही। उनका यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। इसी बयान को लेकर अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

अखिलेश यादव ने कार्यक्रम रद्द करने की उठाई मांग

अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है। पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है.' उन्होंने आगे लिखा, 'सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे.' अखिलेश यादव की इस प्रतिक्रिया के बाद धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर राजनीतिक और धार्मिक बहस तेज हो गई है।

भगवान कृष्ण के वीडियो का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में भगवान कृष्ण से जुड़े एक विवादित वीडियो का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो सामने आया और अब भगवान राम के पिता को लेकर अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। उन्होंने इस पूरे मामले को सामाजिक सौहार्द से जोड़ते हुए संबंधित व्यक्ति के कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है।