Headlines
Loading...
मिर्जापुर मर्डर मिस्ट्री का  खुलासा::50 लाख की फिरौती के लिए मासूम का कत्ल, एनकाउंटर में आज दबोचा गया 17 मुकदमों का आरोपी...

मिर्जापुर मर्डर मिस्ट्री का खुलासा::50 लाख की फिरौती के लिए मासूम का कत्ल, एनकाउंटर में आज दबोचा गया 17 मुकदमों का आरोपी...

Mirzapur Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 12 वर्षीय बच्चे प्रिंस की 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए अपहरण के बाद बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र ने बच्चे को पैसे का लालच देकर बाइक पर बैठाया और लालगंज के जंगल में शव छिपा दिया। 

पुलिस ने बुधवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसके दोनों पैरों में गोली लगी है। आरोपी पर पहले से ही 17 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। 

पैसे का लालच देकर बच्चे को बाइक पर ले गया आरोपी

मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव का है. यहां रहने वाले केशव बिंद के 12 वर्षीय बेटे प्रिंस का 9 नवंबर 2026 को अपहरण कर लिया गया था. पिता ने 10 नवंबर को विंध्याचल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. अपहरण के बाद आरोपी की ओर से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की बात भी सामने आई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बच्चे की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।

कुशियरा जंगल में गला दबाकर की हत्या

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पिंटू उर्फ शैलेन्द्र बताया है. वह विंध्याचल थाना क्षेत्र के परसिया कामापुर गांव का रहने वाला है. पूछताछ में उसने बताया कि 9 नवंबर को शाम करीब 4 बजे वह प्रिंस को पैसे का लालच देकर बाइक पर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था. इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे उसने बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा जंगल में छिपा दिया।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दोनों पैरों में लगी गोली

बच्चे की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीमें लगातार जांच कर रही थीं. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लालगंज की ओर से आ रहा है. पुलिस टीम ने लालगंज जाने वाले रास्ते पर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के पास से तमंचा और बाइक बरामद, 17 मुकदमे दर्ज

गिरफ्तार आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मिर्जापुर और रायबरेली के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, बच्चे के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।