Headlines
Loading...
वाराणसी : गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा, गुरुवाणी और कीर्तन से गूंज उठा काशी

वाराणसी : गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा, गुरुवाणी और कीर्तन से गूंज उठा काशी


वाराणसी : सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को धर्मनगरी काशी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गुरुवाणी के मधुर स्वर, कीर्तन और बैंड की धुनों से पूरी नगरी भक्तिमय हो उठी।

शोभायात्रा अपराह्न में गुरुद्वारा गुरुबाग से जुगो-जुग अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगुवाई तथा पंज प्यारों की उपस्थिति में प्रारंभ हुई। शोभायात्रा लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गांधी नगर, सिगरा चौराहा और रथयात्रा होते हुए पुनः गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचकर संपन्न हुई।

मार्ग में हथुआ मार्केट, मलदहिया (जय गंजेज के निकट), लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा (भारत मेडिकल स्टोर), अशोक नगर तथा गांधी नगर-सिगरा सहित विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह प्रसाद वितरित किया।

शोभायात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी वाली गाड़ी को फूल-मालाओं और आकर्षक विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। गुरु साहिब की पालकी, घुड़सवार पंज प्यारे, पैदल चल रहे पंज प्यारे, कीर्तन मंडलियां और स्थानीय बैंड पार्टी आकर्षण के प्रमुख केंद्र रहे। बैंड की मधुर धुनों और ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक शोभायात्रा के दर्शन के लिए जुटे रहे।