Headlines
Loading...
बाबरी मस्जिद बनकर रहेगी, ताकत है तो., हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को NH-34 जाम करने की दी सरकार को धमकी...

बाबरी मस्जिद बनकर रहेगी, ताकत है तो., हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को NH-34 जाम करने की दी सरकार को धमकी...

कोलकाता न्यूज।पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा इलाके में बाबरी मस्जिद बनाने लेकर प्रदेश की सियासत में तनाव का माहौल बना हुआ है। 6 दिसंबर को मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। इसी दिन आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष और नौदा के विधायक हुमायूं कबीर ने नेशनल हाईवे 34 को पूरी तरह जाम करने की धमकी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर प्रशासन में हिम्मत है तो इस नाकाबंदी को रोककर दिखाए।

दरअसल, बेलडांगा में प्रस्तावित मस्जिद परिसर से जुड़े राजस्व और खर्च के मामलों पर हुई एक बैठक में हुमायूं कबीर ने जिला प्रशासन और पुलिस को सीधी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन के पास ताकत है तो इस नाकाबंदी को खत्म कर दिखाए। हम अपना काम करेंगे और कोई हमें रोक नहीं सकता।

हाईवे जाम करने की धमकी

हुमायूं कबीर ने दावा किया कि 6 दिसंबर को रेजिनगर से बहरामपुर तक करीब 30 किलोमीटर लंबा नेशनल हाईवे- 34 पूरी तरह उनके समर्थकों के नियंत्रण में रहेगा। उनका कहना है कि इस दिन सड़क पर उनके हजारों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहेंगे। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने अन्य प्रमुख रास्तों पर भी मोर्चा संभालने की बात कही। इनमें शामिल हैं...

* कृष्णानगर से बहरामपुर तक का रास्ता
* डोमकल से बहरामपुर तक का रास्ता
* जलांगी से बहरामपुर तक का रास्ता
* सैंथिया से कंडी तक का रास्ता
* बर्दवान से नबद्वीप पुल तक का रास्ता

उन्होंने कहा कि इन सभी मार्गों पर उनके पार्टी के कार्यकर्ता तैनात रहेंगे और किसी को भी आसानी से निकलने नहीं दिया जाएगा।

कानून अपने हाथ में नहीं लेंगे लेकिन...

वहीं, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोपों को खारिज करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि पुलिस अच्छी तरह जानती है कि हमने कभी कानून अपने हाथ में नहीं लिया है और आगे भी नहीं लेंगे। हम शांतिपूर्ण तरीके से अपना काम करना चाहते हैं। 

मैं सभी से अपील करता हूं कि 6 दिसंबर को आकर मेरा समर्थन करें और इस ऐतिहासिक काम में शामिल हों। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि रैली और निर्माण कार्य किसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि अपनी धार्मिक भावनाओं के सम्मान के लिए है।

बता दें कि हुमायूं कबीर पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता थे। पार्टी से निकाले जाने के बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी 'आम जनता उन्नयन पार्टी' बनाई। इस नई पार्टी के जरिए उन्होंने मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में एक बड़ी और विश्व स्तर की मस्जिद बनाने की घोषणा की है। यह मस्जिद 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराने की याद में बनाई जा रही है। 

हुमायूं कबीर का कहना है कि यह मस्जिद बहुत बड़ी और भव्य होगी। इसकी अनुमानित लागत करीब 87 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उनके मुताबिक, 6 दिसंबर को ही निर्माण कार्य की शुरुआत होगी और उसी दिन मस्जिद का आधिकारिक उद्घाटन भी किया जाएगा।

हुमायूं कबीर के बयान पर सियासत तेज

इधर माकपा विधायक मुस्तफिजुर रहमान ने हुमायूं कबीर के 6 दिसंबर को रेजिनगर से बहरमपुर तक रैली निकालने के ऐलान पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कबीर अपने बयानों से भाजपा को फायदा पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कबीर ने 6 दिसंबर 2025 को बाबरी मस्जिद के मॉडल पर मस्जिद बनाने की आधारशिला रखी थी। इससे राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। 

अब उन्होंने 2028 तक मस्जिद बनाने का संकल्प दोहराने के लिए उसी तारीख को रैली निकालने की बात कही है। रहमान ने कहा कि कबीर जैसे लोगों को राजनीति में नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, कबीर के पहले के विवादित बयानों की वजह से भाजपा रेजिनगर उपचुनाव जीत गई।