Headlines
Loading...
95 साल की उम्र में अस्पताल में भर्ती हुईं बिग बी अमिताभ बच्चन की सास, जानिए अब कैसी है? उनकी हालत...

95 साल की उम्र में अस्पताल में भर्ती हुईं बिग बी अमिताभ बच्चन की सास, जानिए अब कैसी है? उनकी हालत...

बिग बी अमिताभ बच्चन की सास और दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन की मां इंदिरा भादुड़ी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पारुल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 95 वर्षीय इंदिरा भादुड़ी को एलर्जी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्या के चलते अस्पताल में एडमिट करना पड़ा है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंदिरा भादुड़ी को एलर्जी से जुड़ी परेशानी हुई थी, जो उन्हें समय-समय पर होती रहती है। तबीयत ज्यादा खराब होने पर परिवार के सदस्यों ने उन्हें तुरंत भोपाल के पारुल अस्पताल में भर्ती कराया। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों के इलाज के बाद अब उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

फिलहाल परिवार के सदस्य अस्पताल में रहकर उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इंदिरा भादुड़ी को अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। डॉक्टर उनकी सेहत और रिकवरी की स्थिति को देखने के बाद ही डिस्चार्ज को लेकर कोई फैसला लेंगे।

भोपाल के श्यामला हिल्स में रहती हैं इंदिरा भादुड़ी

इंदिरा भादुड़ी भोपाल के पॉश इलाके श्यामला हिल्स स्थित अंसल अपार्टमेंट्स में रहती हैं। उनके दिवंगत पति तरुण कुमार भादुड़ी एक जाने-माने पत्रकार और लेखक थे। जया बच्चन अपनी तीन बहनों में सबसे बड़ी हैं, जबकि उनकी दोनों छोटी बहनें भी भोपाल में ही रहती हैं।

बच्चन परिवार का भोपाल से पुराना नाता

बच्चन परिवार का भोपाल से हमेशा से जुड़ाव रहा है। अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और अभिषेक बच्चन पारिवारिक मौकों और जरूरतों पर कई बार भोपाल जाते रहे हैं। इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी जब इंदिरा भादुड़ी की तबीयत खराब हुई थी, तो खबर मिलते ही जया बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन उनसे मिलने के लिए भोपाल पहुंचे थे। 

इसके अलावा, फरवरी 2020 में अमिताभ बच्चन अपनी सास इंदिरा भादुड़ी का 90वां जन्मदिन मनाने के लिए चार्टर्ड विमान से भोपाल गए थे। उस खास मौके पर उनके साथ पत्नी जया बच्चन, बेटे अभिषेक बच्चन, बहू ऐश्वर्या राय बच्चन, बेटी श्वेता बच्चन नंदा और पोती आराध्या बच्चन भी मौजूद थीं, और पूरे परिवार ने एक साथ मिलकर यह जश्न मनाया था।