सोनिया गांधी जब पहली बार भारत आईं थी तो अमिताभ बच्चन भी गए थे उन्हें लेने, उनके घर ही रुकी भी, 'बिलॉन्गिंग अ जर्नी ऑफ लव' में दावा..
नईदिल्ली मंगलवार न्यूज। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव', रिलीज हो चुकी है। 10 नवंबर को लॉन्च हुई इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई किस्से बताए हैं और अमिताभ बच्चन के माता-पिता तेजी बच्चन और हरिवंशराय बच्चन के साथ अपने आत्मीय संबंधों का विशेष तौर पर जिक्र किया है।
सोनिया गांधी ने शादी से पहले अपनी पहली भारत यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि जब वह पहली बार भारत आई थीं, तेजी बच्चन और हरिवंशराय बच्चन के घर पर ही ठहरी थीं। उन्होंने अपनी किताब में बताया है कि करीब 1 साल तक दूर रहने के बाद वह जब भारत आईं तो राजीव गांधी से मिलीं, जो उन्हें लेने एयरपोर्ट पहुंचे थे और उनके साथ उनके भाई संजय गांधी और दोस्त अमिताभ बच्चन भी मौजूद थे।
एयरपोर्ट पर सोनिया गांधी को लेने पहुंचे थे अमिताभ बच्चन
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में दिल्ली में बच्चन परिवार के घर पर बिताए दिनों का विस्तार से जिक्र किया है। उन्होंने अपनी किताब में बताया कि करीब 1 साल तक वह राजीव से दूर रहीं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें और राजीव गांधी को अपने प्यार और रिश्ते पर पूरा भरोसा था और इसी भरोसे के दम पर वह पहली बार भारत आई थीं। सोनिया 13 जनवरी, 1968 को सुबह 5 बजकर 15 मिनट पर नई दिल्ली पहुंची जहां उन्हें रिसीव करने के लिए राजीव गांधी, उनके भाई संजय गांधी और उनके दोस्त अमिताभ बच्चन पहले से ही मौजूद थे, जो आगे चलकर हिंदी सिनेमा के महानायक बने।
अमिताभ बच्चन के माता-पिता के घर पर ठहरी थीं सोनिया गांधी
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने अपनी किताब में लिखा, 'मैं बहुत ही थकी, और थोड़ा घबराई हुई थी, लेकिन जैसे ही राजीव को देखा सारा डर और थकान दूर हो गई। खुशी के मारे कुछ बोल भी नहीं पा रही थी। एयरपोर्ट एक कम रोशनी वाली हैंगरनुमा बिल्डिंग थी, जो रोम के बड़े और आधुनिक हवाई अड्डे से बेहद अलग थी। यहां तक कि ट्यूरिन (इटली का शहर) का छोटा हवाई अड्डा भी इस हवाई अड्डे से बड़ा और रोशन था।' सोनिया गांधी ने बताया कि एक संकरी सड़क से होते हुए 13 वह विलिंगडन क्रिसेंट पहुंचे, जहां अमिताभ बच्चन के माता-पिता तेजी बच्चन और हरिवंशराय बच्चन का घर था। दिल्ली पहुंचने के बाद सोनिया को यहीं रहना था। उन्होंने बच्चन परिवार को इलाहाबाद के दिनों से इंदिरा गांधी का पारिवारिक मित्र बताया है।
तेजी बच्चन ने किया स्वागत
उन्होंने तेजी बच्चन द्वारा किए गए स्वागत को याद करते हुए लिखा- 'छोटे कद की श्रीमती बच्चन जैकेट और पतलून पहने थीं और उनके सिर पर फ्रांसिसी शैली का स्कार्फ बंधा था। उन्होंने बहुत ही प्यारी सी मुस्कान और गर्मजोशी के साथ मेरा स्वागत किया। आगे चलकर वह मेरे लिए मां जैसी बन गईं, जो हमेशा मुझे सिखाने और मदद करने के लिए मौजूद होती थीं।' सोनिया गांधी ने आगे बताया कि वह तेजी बच्चन के कमरे के बगल वाले कमरे में रुकीं, जिसे आरामदायक बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए थे और राजीव ने पुराने और साधारण बाथरूम को बेहतर दिखाने के लिए अपनी मां के घर का मोटा कालीन निकालकर उसके फर्श के एक हिस्से पर बिछा दिया था।
हरिवंश राय बच्चन से पहली मुलाकात
सोनिया गांधी ने हरिवंश राय बच्चन से अपनी मुलाकात और उनसे मिली खास सलाह को याद करते हुए बताया कि, बच्चन जी ने भी मुस्कराकर उनका स्वागत किया और फिर वहां से चले गए। इसके बाद नाश्ते के लिए राजीव उन्हें अपने घर ले गए, जहां उनकी मुलाकात राजीव की मां इंदिरा गांधी से हुई। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी ने बेहद सहजता और गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और ऐसे मिलीं, जैसे वह पहले से उन्हें जानती हों।
वह सोनिया की अस्थमा की समस्या के बारे में जानती थीं, जिसके चलते उन्होंने उन्हें उन्हें गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी। सोनिया के मुताबिक, बच्चन जी बीच-बीच में उन्हें सावधान करते हुए कहते थे, और कहते थे, 'तुम्हें यह जानना चाहिए, सोनिया बेटी, कि इस देश में यह मायने नहीं रखता कि तुम क्या हो, बल्कि यह मायने रखता है कि लोग तुम्हें क्या समझते हैं।'
उन्होंने लिखा कि बच्चन जी की इस बात से वह सोच में पड़ जाती थीं कि क्या इसका मतलब ये है कि वह यहां खुद जैसी नहीं रह सकतीं। क्योंकि, वह जैसी थीं, वैसी ही रहना चाहती थीं और उन्हें समझ नहीं आता था कि उन्हें खुद को किसी और रूप में कैसे पेश करना चाहिए।