Headlines
Loading...
अमिताभ बच्चन के 'जलसा' पर छिड़ा विवाद, भाभी रमोला का दावा- बिना बताए जया बच्चन के नाम बिग बी ने कर दिया बंगला...

अमिताभ बच्चन के 'जलसा' पर छिड़ा विवाद, भाभी रमोला का दावा- बिना बताए जया बच्चन के नाम बिग बी ने कर दिया बंगला...

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का मशहूर बंगला 'जलसा' इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में है। जिस घर के बाहर हर रविवार बिग बी की एक झलक पाने के लिए फैंस की भीड़ जुटती है, अब उसी बंगले के मालिकाना हक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अमिताभ के छोटे भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रमोला बच्चन ने दावा किया है कि जलसा पहले उनके नाम पर था, लेकिन उनकी जानकारी और सहमति के बिना इसे जया बच्चन के नाम कर दिया गया। इस मामले में उन्होंने कई शिकायतें भी दर्ज कराई हैं।

1993 की गिफ्ट डीड से शुरू हुआ विवाद

मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले की शुरुआत साल 1993 में तैयार हुई एक गिफ्ट डीड से हुई थी. इस दस्तावेज में दिखाया गया था कि रमोला बच्चन ने जलसा बंगला जया बच्चन के नाम कर दिया है. हालांकि, रमोला का आरोप है कि उन्हें इस दस्तावेज की कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने न तो बंगला देने की सहमति दी थी और न ही इस तरह के किसी कागज पर अपनी मंजूरी दी थी।

अमिताभ बच्चन,जया बच्चन (फोटो: इंस्टाग्राम)

2006 में रिकॉर्ड से हट गया रमोला का नाम

रिपोर्ट के अनुसार, साल 2006 में महाराष्ट्र सरकार की अभय योजना के तहत इस गिफ्ट डीड को रजिस्टर कराया गया. इस योजना में पुराने दस्तावेजों पर बकाया स्टाम्प ड्यूटी और जुर्माने में राहत दी जाती थी. इसके बाद हाउसिंग सोसाइटी के रिकॉर्ड से रमोला का नाम हटाकर जया बच्चन का नाम दर्ज कर दिया गया।

RTI से उठे कई नए सवाल

मामले में नया मोड़ साल 2026 में आया, जब रमोला ने सरकारी रिकॉर्ड की जानकारी के लिए फरवरी से अक्टूबर के बीच कई RTI दाखिल कीं. उनका कहना है कि सोसाइटी के रिकॉर्ड में जया बच्चन का नाम दर्ज है, जबकि सरकारी प्रॉपर्टी कार्ड पर अब भी उनका नाम मौजूद है।

अमिताभ बच्चन (फोटो: इंस्टाग्राम)

रमोला ने को-ऑपरेटिव सोसाइटी के रजिस्ट्रार और पुणे के स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के सामने सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि 1993 की गिफ्ट डीड स्टाम्प पेपर के बजाय सादे कागज पर बनाई गई थी. इस पर न स्टाम्प ड्यूटी दी गई थी और न ही गवाहों के हस्ताक्षर थे. उन्होंने यह भी सवाल किया कि उनकी जानकारी के बिना उनके हस्ताक्षर वाले दस्तावेजों का इस्तेमाल कैसे हुआ।

रमोला के मुताबिक, मार्च 2026 में RTI के जवाब में बताया गया कि 1980 से अब तक सादे कागज पर तैयार दस्तावेज अभय योजना के तहत स्वीकार नहीं किए जा सकते. वहीं, अगस्त 2026 में अतिरिक्त स्टाम्प नियंत्रक के एक पत्र में स्पष्ट किया गया कि इस योजना के तहत दस्तावेजों या हस्ताक्षरों की असलियत की जांच नहीं होती थी. ऐसे में रमोला ने सवाल उठाया कि उनकी गिफ्ट डीड को 2006 में कैसे स्वीकार किया गया?

अमिताभ और जया से मांगा गया जवाब

रिपोर्ट के मुताबिक, अंधेरी के को-ऑपरेटिव सोसाइटी के डिप्टी रजिस्ट्रार ने मामले की सुनवाई शुरू कर दी है और अमिताभ बच्चन तथा जया बच्चन से जवाब मांगा है. वहीं, पुणे का रजिस्ट्रेशन विभाग भी गिफ्ट डीड की जांच कर रहा है. अमिताभ और जया की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. अभिषेक बच्चन के प्रवक्ता ने इसे परिवार का निजी मामला बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

जया बच्चन और अमिताभ बच्चन,फोटो- इंस्टाग्राम

अमिताभ को कैसे मिला था जलसा?

दिलचस्प बात यह है कि जलसा अमिताभ बच्चन को साल 1982 में फिल्ममेकर रमेश सिप्पी ने गिफ्ट किया था. फिल्म 'सत्ते पे सत्ता' में बिग बी के काम से खुश होकर उन्होंने यह बंगला उन्हें उपहार में दिया था. उस समय इसका नाम 'मनसा' था. आज यही बंगला अमिताभ की पहचान बन चुका है।

फिलहाल जलसा के मालिकाना हक को लेकर जांच और सुनवाई जारी है. रमोला के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।