काशी में छठ की अनोखी तस्वीर, फ्रांस की लिया ने लगाया सिंदूर तो किन्नर समाज ने भी रच दिया इतिहास...
वाराणसी छठ पूजा : लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को धर्म नगरी काशी के घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. गंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. इस दौरान भारतीय संस्कृति की ऐसी छटा बिखरी कि सात समंदर पार फ्रांस से आई महिला लिया भी छठी मैया की भक्ति में रंगी नजर आईं.वहीं, काशी के इतिहास में पहली बार किन्नर समाज ने भी सामूहिक रूप से छठ पूजा कर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की. अस्सी घाट से लेकर नमो घाट तक पूरा शहर मिनी बिहार जैसा नजर आया।
फ्रांस से काशी पहुंचीं लिया, माथे पर सिंदूर लगाकर की छठ पूजा
वाराणसी के बबुआ पांडेय घाट पर फ्रांस से आईं लिया छठ पूजा में शामिल हुईं. उन्होंने भारतीय परंपरा के अनुसार माथे पर सिंदूर लगाकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की. लिया ने बताया कि उन्हें भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में काफी दिलचस्पी है. इसी वजह से वह खास तौर पर छठ महापर्व में शामिल होने के लिए काशी पहुंची हैं।
इस दौरान उन्होंने छठ व्रत की कठिन परंपराओं और पूजा विधि के बारे में भी जानकारी ली। शाम के अर्घ्य में शामिल होने के बाद लिया सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी घाट पहुंचेंगी. घाट पर विदेशी महिला को भारतीय परंपरा के अनुसार पूजा करते देखना लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. कई लोग उनके साथ तस्वीरें लेते भी नजर आए।
पहली बार किन्नर समाज ने सामूहिक रूप से की छठ पूजा
काशी के घाटों पर इस बार छठ पर्व की एक और खास तस्वीर देखने को मिली. पहली बार किन्नर समाज ने सामूहिक रूप से छठी मैया की उपासना की और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. सलमान किन्नर की अगुवाई में करीब आधा दर्जन किन्नरों ने पूरे विधि-विधान के साथ छठ पूजा की।
सलमान किन्नर ने बताया कि उनके यजमान भी उनके परिवार के सदस्यों की तरह हैं। उनकी सलामती और सुख-समृद्धि की कामना के लिए उन्होंने यह कठिन व्रत रखा है। नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत की गई थी। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा। इसके बाद परंपरा के अनुसार लोगों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
मनोकामना पूरी करने के लिए दंडवत करती घाट पहुंचीं लक्ष्मी देवी
छठ महापर्व के दौरान अस्सी घाट पर आस्था की एक और अनोखी तस्वीर देखने को मिली. यहां लक्ष्मी देवी अपनी विशेष मनोकामना पूरी होने की उम्मीद में दंडवत यात्रा करते हुए घाट पहुंचीं. वह घर से घाट तक दंडवत करती हुई रविवार शाम करीब चार बजे छठी मैया की पूजा के लिए पहुंचीं. पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. लक्ष्मी देवी को विश्वास है कि छठी मैया उनकी कठिन साधना से प्रसन्न होकर उनकी मनोकामना जरूर पूरी करेंगी।
अस्सी से नमो घाट तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
छठ महापर्व के अवसर पर काशी के लगभग सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. अस्सी घाट, नमो घाट, सामने घाट और छठी मैया घाट पर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ जुटी रही. घाटों के अलावा कुंड, तालाब और सरोवरों पर भी छठ पूजा की गई. शास्त्री घाट और वरुणा नदी के किनारे भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते नजर आए. हर तरफ छठी मैया के गीत और सूर्य उपासना का माहौल दिखाई दिया. गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच काशी का नजारा पूरी तरह मिनी बिहार जैसा नजर आया।
घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन से हुई निगरानीछठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. गंगा में एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती रहीं. वहीं, घाटों की सीढ़ियों पर पुलिस के जवान तैनात रहे. सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. इसके अलावा ड्रोन कैमरों के जरिए घाटों और आसपास के इलाकों की निगरानी की जाती रही, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा छठ व्रत
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे. इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का समापन होगा. अर्घ्य के बाद व्रती पारण कर व्रत पूरा करेंगे. छठ पर्व को देखते हुए सोमवार को वाराणसी में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में भी छुट्टी रहेगी।