आज बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से पहुंचे रोहनिया, अनंत हॉस्पिटल में आयोजित मानस पाठ में होंगे शामिल...
वाराणसी, रोहनिया न्यूज। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शनिवार को हेलीकॉप्टर से रोहनिया पहुंचे। रोहनिया में उतरने के बाद अनंत हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आलोक शर्मा ने उनका माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के औपचारिक कार्यक्रम के बाद उनका काफिला आगे के लिए रवाना हुआ।
जानकारी के अनुसार, रोहनिया से बृजभूषण शरण सिंह सागरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने स्व. महेंद्र चंदेल के आवास पर जाकर उनके स्वजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से भेंट कर संवेदना प्रकट की और कुछ देर तक उनसे बातचीत की। स्वजनों से मिलने और हालचाल जानने के बाद वे आगामी कार्यक्रम के तहत भदोही के लिए रवाना हो गए।
कार्यक्रम के विवरण के मुताबिक, भदोही से लौटने के बाद शाम करीब सात बजे बृजभूषण शरण सिंह पुनः रोहनिया आएंगे। वापसी में वे अनंत हॉस्पिटल परिसर में आयोजित रामचरितमानस पाठ में सम्मिलित होंगे और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर समर्थकों और परिचितों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।