Headlines
Loading...
'चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर'... प्रतापगढ़ कुंडा में बागेश्वर बाबा ने रामकथा के मंच से दिया नारा, कहा हिंदू बटे नहीं एक हो...

'चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर'... प्रतापगढ़ कुंडा में बागेश्वर बाबा ने रामकथा के मंच से दिया नारा, कहा हिंदू बटे नहीं एक हो...

कुंडा रामकथा न्यूज। प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में चल रही श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बार फिर मथुरा का मुद्दा उठाया। कुंडा से विधायक राजा भैया के बेंती राजभवन में कथा सुनाते हुए उन्होंने कहा, “चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। 

खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उनके इस बयान को चुनावी माहौल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

‘हिंदू भाई आपस में न बंटें, इसके लिए मैं सौ बार माफी मांगूंगा’

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के दौरान हिंदुओं की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि उनके हिंदू भाई आपस में लड़ें या बंटें। इसी वजह से उन्होंने पहले भी माफी मांगी थी और जरूरत पड़ने पर सौ बार माफी मांगने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, “मैं नहीं चाहता कि मेरे हिंदू भाई आपस में बंटें। इसलिए मैं एक बार नहीं, सौ बार माफी मांगूंगा। मेरे लिए यादव और माधव एक हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही वृंदावन जाएंगे। इसके बाद उन्होंने मथुरा को लेकर नारा लगाया, “चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर।”

राजा भैया के गढ़ में उमड़ा जनसैलाब

कुंडा विधायक राजा भैया के बेंती राजभवन परिसर में आयोजित श्रीराम कथा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजकों के मुताबिक, करीब 80 हजार लोग पंडाल के अंदर मौजूद रहे, जबकि लगभग 20 हजार लोगों ने बाहर से कथा सुनी। इस कार्यक्रम में कई सांसद, विधायक और मंत्री भी शामिल हुए। कथा के दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी पहुंचे। उन्होंने मंच से राजा भैया की तारीफ करते हुए कहा, “राजा भैया आपका दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।”

अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए साधा निशाना

प्रतापगढ़ पहुंचने से पहले धीरेंद्र शास्त्री गोंडा में राजन महाराज की कथा में शामिल हुए थे। वहां करीब दो घंटे रुकने के बाद मंगलवार दोपहर 2:45 बजे वह कुंडा लौटे। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। 

उन्होंने कहा कि पहले जब यज्ञ होते थे तो राक्षस और दैत्य उसमें हड्डियां डालकर बाधा पहुंचाते थे। अब लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ऐसा करते हैं। उनके इस बयान को अखिलेश यादव की टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, 5 नवंबर को अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री की प्रतापगढ़, गोंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा में प्रस्तावित कथाओं को रद्द करने की मांग की थी।

जोधपुर से पहुंचे 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी

इस रामकथा में राजस्थान के जोधपुर से करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी पहुंचे। राजा भैया के विशेष अतिथि के तौर पर आए इन लोगों ने मंगलवार को सबसे पहले प्रसाद ग्रहण किया। उनके लिए भोजन पंडाल में अलग व्यवस्था की गई थी। शरणार्थियों को भोजन में आलू-पालक की सब्जी, पूड़ी और दाल-चावल परोसे गए। इससे पहले सुबह नाश्ते में उबले चने और चाय दी गई। इस तरह बेंती राजभवन में आयोजित रामकथा धार्मिक आयोजन के साथ राजनीतिक चर्चाओं का भी केंद्र बन गई।