Headlines
Loading...
वाराणसी, न्यूज : इंटरपोल मेडल से सम्मानित आईपीएस किरण एस. बने वाराणसी के नए पुलिस आयुक्त...

वाराणसी, न्यूज : इंटरपोल मेडल से सम्मानित आईपीएस किरण एस. बने वाराणसी के नए पुलिस आयुक्त...

केसरी न्यूज 24 वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपराध जांच और पुलिसिंग में योगदान के लिए प्रतिष्ठित इंटरपोल मेडल ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी किरण एस.को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। उनकी पहचान तेजतर्रार और अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में है। उन्हें केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई में लंबे समय तक काम करने और कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच का अनुभव है।

इंटरपोल से मिला सम्मान

उनके करियर की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में इंटरपोल मेडल ऑफ एक्सीलेंस शामिल है। यह सम्मान उन्हें अंतरराष्ट्रीय अपराधों की जांच, विभिन्न देशों की पुलिस एजेंसियों के बीच समन्वय और वैश्विक सुरक्षा में योगदान के लिए प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय पुलिस सेवा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जाता है।

सीबीआई में जांच का अनुभव

किरण एस. ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान सीबीआई में एसपी और डीआईजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। इस दौरान उन्हें कई संवेदनशील और जटिल मामलों की जांच का अनुभव मिला। उनके कार्य और विशेषज्ञता को देखते हुए सीबीआई में उनका कार्यकाल भी बढ़ाया गया था। सीबीआई में लंबी सेवा ने उन्हें संगठित अपराध, आर्थिक अपराध और जटिल आपराधिक मामलों की जांच में विशेष अनुभव दिया।

पुलिस सेवा और एसआईटी की जांच

लखनऊ रेंज के आईजी रहते हुए उन्हें अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे और दान की रकम में गड़बड़ी के मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की कमान सौंपी गई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद गठित एसआईटी का नेतृत्व करते हुए उन्होंने मामले की जांच की निगरानी की। 

केरल के तिरुवनंतपुरम के मूल निवासी किरण एस. ने 22 दिसंबर 2008 को भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया। 27 नवंबर 2025 को उन्हें इंटरपोल मेडल ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया।

मोहित अग्रवाल संभालेंगे प्रयागराज कमिश्नरेट

मौजूदा पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल अब प्रयागराज कमिश्नरेट की कमान संभालेंगे। वाराणसी में प्रधानमंत्री और अंतर राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों से लेकर महत्वपूर्ण आयोजनों के सफल आयोजन, पुलिसिंग में सुधार, तकनीकी बदलाव के लिए उनके काम को याद किया जाएगा।