इंडियन आइडल विजेता मानसी घोष की आवाज पर झूम उठा बोहरा, देर रात तक हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में डटे रहे दर्शक...
पोड़ैयाहाट, न्यूज : विधायक प्रदीप यादव के पैतृक गांव बोहरा में काली पूजा के अवसर पर मंगलवार की देर रात भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगीत और मनोरंजन से सजी इस सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल सीजन-15 की विजेता मानसी घोष समेत अन्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। मानसी घोष की सुरीली आवाज और कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा।
स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे। देर रात तक दर्शक अपनी जगह पर डटे रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू और कांग्रेस नेता अजित महात्मा ने संयुक्त रूप से किया।
कलाकार को सम्मान के दौरान आरकादित्य
मानसी घोष की गायकी ने बांधा समां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल सीजन-15 की विजेता मानसी घोष रहीं. मंच पर उनकी प्रस्तुति शुरू होते ही दर्शकों में उत्साह देखने को मिला. उनकी सुरीली आवाज और शानदार गायकी पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया. मानसी की प्रस्तुति के दौरान लोगों में खासा उत्साह रहा।
शुभजीत के गीतों पर खूब बजीं तालियां
अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये. कलाकार हरे कृष्ण हरे राम ने अपनी गायकी से लोगों का मनोरंजन किया. वहीं, गायक शुभजीत चक्रवर्ती ने 'तोरे नैना बड़ा दगाबाज रे' और सदाबहार गीत 'खइके पान बनारस वाला' की प्रस्तुति दी. खासकर 'खइके पान बनारस वाला' गीत पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजायीं. गीतों की धुन और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों को देर रात तक बांधे रखा।
जनता के बीच रहना ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी : प्रदीप यादव
सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि वह अपने क्षेत्र के नेता नहीं, बल्कि बेटा हैं. जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करते हैं. राजनीति केवल पद और प्रतिष्ठा का विषय नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान कराने का माध्यम है. वह जो कुछ भी हैं, जनता की कृपा और आशीर्वाद की बदौलत हैं. जनता ने ही उन्हें यहां तक पहुंचाया है और उनके विश्वास को बनाये रखना उनकी प्राथमिकता है।
नये साल में भी क्षेत्र की जनता के बीच रहना पसंद
विधायक ने नये साल का जिक्र करते हुए कहा कि इस अवसर पर भी वह अपने क्षेत्र में ही रहना पसंद करते हैं. उनके लिए क्षेत्र की जनता और यहां के लोगों के बीच रहना सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहना ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
देर रात तक उमड़ा रहा दर्शकों का हुजूम
काली पूजा के धार्मिक माहौल के बीच आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी. युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया. खासकर इंडियन आइडल विजेता मानसी घोष को देखने और सुनने के लिए दर्शकों में विशेष उत्सुकता रही. इस सांस्कृतिक संध्या ने बोहरा में उत्सव का माहौल बना दिया. कार्यक्रम का मंच संचालन विधायक पुत्र सह युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव आर्कादित्य यादव ने किया।