यूपी में कानपुर के बाद एक और सास दामाद के साथ बीमार पति को छोड़ फरार, बेटी की मौत के बाद बढ़ीं दोनों में नजदीकियां...
उत्तर प्रदेश में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है। कानपुर के चर्चित मामले के बाद अब उन्नाव जिले में भी एक सास अपने ही सगे दामाद के साथ फरार हो गई है।हैरत की बात यह है कि महिला ऐसे वक्त में घर छोड़कर भागी, जब उसका पति गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। पीड़ित बेटे ने अब पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पास पहुंचकर माँ को वापस लाने और दामाद के कब्जे से पुश्तैनी जेवरात बरामद कराने की गुहार लगाई है।
यह पूरा मामला उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का है। एसपी जयप्रकाश सिंह को सौंपे गए शिकायती पत्र में पीड़ित बेटे ने अपनी आपबीती सुनाते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसकी हत्या का आरोप बहनोई पर ही था। हालांकि, उस समय बहन के छोटे-छोटे बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परिवार ने आरोपी बहनोई के खिलाफ कोई कानूनी मुकदमा दर्ज नहीं कराया था।
परिवार के विरोध के बाद भी दामाद से मिलना जुलना
बहन की मौत के बाद से ही सास और दामाद के बीच बातचीत और नजदीकियां अचानक बढ़ने लगीं। बीमार पिता ने इस अनैतिक रिश्ते का लगातार कड़ा विरोध किया, लेकिन मां ने किसी की एक न सुनी और दामाद से लगातार मिलती-जुलती रही। बेटे का आरोप है कि 14 सितंबर को उसकी मां ने अपनी 10 बिस्वा जमीन नाती के नाम हस्तांतरित कर दी थी। इसके बाद 2 नवंबर को वह मौका पाकर घर से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई।
घर में गड़े पुश्तैनी जेवर भी साथ ले जाने का आरोप
जांच करने पर परिवार के होश उड़ गए। परिजनों ने पाया कि महिला घर छोड़ने से पहले कोठरी में जमीन के नीचे गाड़कर रखे गए पुश्तैनी जेवर भी खोदकर साथ ले गई है। बेटे के अनुसार, मां अपने साथ जमीन में गड़ी करीब दो किलो चांदी और 80 ग्राम सोने के कीमती जेवरात ले गई है।
थाने ने नहीं सुनी तो बेटे ने कप्तान से लगाई गुहार
बेटे का कहना है कि मां के इस तरह अचानक घर छोड़ने और पुश्तैनी संपत्ति साफ कर देने की शिकायत उसने सबसे पहले अजगैन थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। स्थानीय थाने से न्याय न मिलने पर अंततः पीड़ित ने पुलिस कप्तान की चौखट पर दस्तक दी है।