टेस्ट मैच की दोनों पारियों के पहले ओवर में ही विकेट, जसप्रीत बुमराह के नाम दर्ज हुआ गजब का रिकॉर्ड...
स्पोर्ट्स, न्यूज। जसप्रीत बुमराह के न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में एक ऐसा रिकॉर्ड नाम कर लिया, जो आमतौर देखने को नहीं मिलता। भारत के 720/9 के स्कोर पर पारी घोषित करने के बाद गेंदबाजी करते हुए बुमराह ने भारत को पहले ही ओवर में बड़ी सफलता दिलाई। बुमराह ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लेथम को पवेलियन भेज दिया। पारी के पहले ही ओवर मै लेथम बिना खाता खोले आउट हो गए। इसी के साथ बुमराह टेस्ट मैच की दोनों पारियों के पहले ओवर में विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो गए।
दोनों पारियों में लेथम को किया आउट
बुमराह ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में भी पहले ओवर में टॉम लेथम का विकेट चटकाया था। मैच के पहले ही ओवर में बुमराह ने तीसरी गेंद पर कीवी कप्तान को पवेलियन की राह दिखाई। बुमराह ने एक अंदर आती हुई बेहद लाजवाब गेंद पर लेथम को बोल्ड कर दिया था। बल्लेबाज गेंद की लाइन लेंथ का अंदाजा ही नहीं लगा सका। वहीं, दूसरी पारी में बुमराह ने लेथम को बाहर जाती हुई गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। यह पारी के पहले ओवर की दूसरी ही गेंद थी। लेथम इस बार भी खाता नहीं खोल पाए।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ बुमराह उन चुनिंदा भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में पहले ओवर के दौरान विकेट हासिल किया है। बुमराह सिर्फ तीसरे ऐसे गेंदबाज बने हैं। इससे पहले यह कारनामा एस श्रीसंत और जहीर खान कर चुके हैं। श्रीसंत ने साल 2006 में किंग्सटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, जहीर खान ने 2007 में मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ दोनों पारियों के पहले ओवर में विकेट चटकाए थे। यानी 19 साल बाद बुमराह के रूप किसी भारतीय ने ये कमाल किया है।
लेथम के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
लेथम न्यूजीलैंड के उन चुनिंदा कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो गए, जो किसी टेस्ट मैच की दोनों पारियों में खाता नहीं खोल सके. उनसे पहले हैरी केव ने 1956 में डुनेडिन में वेस्टइंडीज के खिलाफ और स्टीफन फ्लेमिंग ने 1997 में होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह अनचाहा रिकॉर्ड बनाया था।
वहीं, न्यूजीलैंड के किसी ओपनिंग बल्लेबाज के टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने का यह आठवां मौका है। भारत के खिलाफ ऐसा दूसरी बार हुआ है। इससे पहले 2010 में अहमदाबाद टेस्ट में टिम मैकिन्टोश दोनों पारियों में खाता नहीं खोल पाए थे।