Headlines
Loading...
कांग्रेस की रैली या कॉमेडी शो? खरगे के 'चुप बैठो, वरना एक घंटे भाषण दूंगा' वाले बयान पर सोशल मीडिया में लगे ठहाके...

कांग्रेस की रैली या कॉमेडी शो? खरगे के 'चुप बैठो, वरना एक घंटे भाषण दूंगा' वाले बयान पर सोशल मीडिया में लगे ठहाके...

नई दिल्ली, न्यूज रविवार। आज राजनीति में नेताओं के भाषण अक्सर अपने तीखे बयानों और विरोधियों पर हमलों के लिए चर्चा में रहते हैं, लेकिन कभी-कभी मंच से कही गई एक छोटी-सी बात पूरे भाषण पर भारी पड़ जाती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। 

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें खरगे अपने समर्थकों को चुप रहने की हिदायत देते हुए कुछ ऐसा कह जाते हैं कि लोग उनके बयान पर मजेदार टिप्पणियां करने लगे हैं।

5 मिनट चुप रहने की चेतावनी

वायरल वीडियो में खरगे मंच से कहते सुनाई दे रहे हैं, '5 मिनट चुप बैठो, वरना 1 घंटे भाषण दे दूंगा।' उनके इस अंदाज और बयान को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। कुछ लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया, तो कुछ ने कांग्रेस की रैली और पार्टी के नेताओं पर तंज कसने का मौका बना लिया। देखते ही देखते खरगे का यह बयान उनके भाषण के राजनीतिक मुद्दों से अलग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।किसी ने कॉमेडी शो बताया, किसी ने पूछा- कैसी धमकी है?

वीडियो पर एक यूजर ने सवाल किया, 'क्या कांग्रेस ने रामलीला मैदान में रैली या कॉमेडी शो का आयोजन किया?' वहीं एक अन्य यूजर ने पूछा कि खरगे अपने समर्थकों पर हमेशा इतने नाराज होकर क्यों चिल्लाते रहते हैं? एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, 'यह एक ऐसी धमकी है जो मैंने पहले कभी नहीं सुनी।'

वहीं एक अन्य यूजर ने हंसने वाले इमोजी के साथ कमेंट किया, 'ये कैसी धमकी है?' एक और यूजर ने कहा कि इससे साफ होता है कि पार्टी के कार्यकर्ता भी अपने नेताओं का भाषण नहीं सुनना चाहते। इन टिप्पणियों के जरिए लोग खरगे के बयान को अपने-अपने अंदाज में लेकर मजे ले रहे हैं।

भाषण में मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार पर साधा था निशाना

हालांकि, खरगे का पूरा भाषण राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। खरगे ने कहा कि जब तक मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जाएगा, तब तक लोकतंत्र नहीं बचेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि विपक्ष उन्हें पद से हटाने की लड़ाई जारी रखेगा।

खरगे ने आरोप लगाया कि युवाओं, महिलाओं और दलितों के वोट के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की गई है। उन्होंने मंच से कहा, 'जब तक ज्ञानेश कुमार नहीं जाएंगे, तब तक हम नहीं जाएंगे और लड़ते रहेंगे।' इस तरह खरगे का भाषण जहां वोट चोरी और चुनाव आयोग को लेकर राजनीतिक हमलों के कारण चर्चा में रहा, वहीं 5 मिनट चुप रहने वाला उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।