IND vs NZ: टीम इंडिया को ये क्या हो गया? 2 गेंदों पर छूटे 2 कैच, पहले रोहित शर्मा फिर ईशान ने टपकाया आसान कैच, NZ स्कोर 215/4...
IND vs NZ 4th ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर चौथा वनडे मैच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआती ओवर में लगातार 2 गेंद पर 2 कैच टपका दिए। पहले रोहित शर्मा ने कैच टपकाया, जिसके बाद अगली ही गेंद पर ईशान किशन ने कैच छोड़ दिया। दरअसल, यह घटना न्यूजीलैंड की पारी की दूसरे ओवर में देखने को मिली. न्यूजीलैंड की ओर से विल यंग और टिम साइफर्ट ओपनिंग करने आए. पारी के दूसरे ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज आकिब नबी गेंदबाजी कर रहे थे।
आकिब की 5वीं गेंद पर विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लगा, लेकिन स्लिप में खड़े रोहित शर्मा ने कैच छोड़ दिया. इसके बाद अगली गेंद पर फिर से विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लगा, लेकिन इस बार ईशान किशन ने आसान कैच टपका दिया. इस तरह आकिब नबी की 2 गेंद पर भारत ने लगातार 2 कैच छोड़े, जिससे भारत को कोई विकेट नहीं मिला।
भारत को भुगतना पड़ा खामियाजा
खराब फील्डिंग की वजह से टीम इंडिया को बुरा खामियाजा भुगतना पड़ा. शुरुआती ओवर में विकेट नहीं मिल पाने की वजह से भारतीय टीम दबाव नहीं बना पाई. इसकी वजह से सलामी जोड़ी ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया और न्यूजीलैंड के लिए बड़े स्कोर की नींव रखी. टिम साइफर्ट 48 गेंद पर 58 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, विल यंग अर्धशतक बनाकर खेल रहे हैं।
भारतीय फील्डर्स ने विल यंग को उस समय 2 बार जीवनदान दिया था, जब वो सिर्फ 5 रन के स्कोर पर खेल रहे थे। हालांकि बाद में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी फील्डिंग को सुधारा. ईशान किशन ने भागते हुए टिम साइफर्ट का एक शानदार कैच पकड़ा. बता दें कि भारत ने इस सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में जीत हासिल की है. उन दोनों मुकाबलों में भारत की फील्डिंग शानदार रही थी।
भारत ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
भारत-न्यूजीलैंड का चौथा वनडे मुकाबला बे ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी है. न्यूजीलैंड ने अभी तक 21 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 129 रन बना लिए हैं। टिम साइफर्ट 58 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निक केली सिर्फ 4 रन और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 8 रन बनाकर लौटे। फिलहाल विल यंग (52) और फिन एलन (2) रन बनाकर खेल रहे हैं।
बता दें कि इस मुकाबले में भारतीय टीम सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है. भारतीय टीम अभी सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है. अगर भारत इस मुकाबले में जीत हासिल कर लेता है, तो सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना लेगा।