Headlines
Loading...
काशी में JDU का कार्यकर्ता सम्मेलन; निशांत बोले- यूपी चुनाव लड़ेंगे, नीतीश की उपलब्धियां भी गिनाईं...

काशी में JDU का कार्यकर्ता सम्मेलन; निशांत बोले- यूपी चुनाव लड़ेंगे, नीतीश की उपलब्धियां भी गिनाईं...

वाराणसी,न्यूज रविवार। आगामी यूपी विधान सभा चुनाव में नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (JDU) भी ताल ठोकेगा। यह संकेत बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दिए हैं। वह रविवार को वाराणसी के कोरौता (लोहता) में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

रामलीला मैदान में आयोजिक कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश में पार्टी संगठन मजबूत करने और विस चुनाव की तैयारी में जुट जाने का कार्यकर्ताओं को संदेश दिया। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हर युवा को काम और बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना हमारा धर्म है। हमारी राजनीति का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधन और उनकी मदद करना है।

उन्होंने कहा कि मैं पिताजी (पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार) की सोच और उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा हूं। पिताजी ने सुशासन को मूलमंत्र बनाया। बिहार आज कई राज्यों के लिए उदाहरण है। पिछले दो दशकों में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। 

जेडीयू महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य महान समाज सुधारकों के विचारों से प्रेरित पार्टी है। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेश जदयू के अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने कहा कि पिछले तीन-चार वर्षों से प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आज काशी की धरती पर कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति उन प्रयासों का परिणाम है।

यूपी-बिहार में रोटी-बेटी का रिश्ता- संजय झा

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने कहा कि यूपी-बिहार में रोटी-बेटी का रिश्ता है। नीतीश कुमार जब मुख्यमंत्री बने तो बिहार झुलस रहा था। उस समय बिहार की कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। नीतीश कुमार ने 2005 के बाद राज्य की दशा और दिशा बदलने का ऐतिहासिक कार्य किया।

महिलाओं को बनाया डीएसपी और एसई:-श्रवण कुमार

बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों ने देश के सामने सुशासन और विकास का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किया। महिलाओं को डीएसपी और एसई बनाया। आज नौ लाख बेटिया साइकिल से स्कूल आना जाना करती हैं।

पूर्व सीएम ने विकास की राजनीति की- जमा खान

बिहार सरकार में मंत्री मो.जमा खान ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सभी वर्गों, जातियों और समुदायों को साथ लेकर विकास की राजनीति की है। उनके नेतृत्व में शिक्षा, आवास, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। गरीब और वंचित समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए छात्रावास, आवासीय विद्यालय और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया गया।

विधायक ने जादूगार पर बरसाए 500 के नोट

सम्मेलन में सबसे आकर्षण का केंद्र मैजिक शो रहा। जादूगर रामरति सिंह ने कई जादू दिखाए। इसमें पैसे की बारिश करने वाले शो पर जमकर तालियां बजी। इस बीच जदयू विधायक अमरेंद्र पांडेय ने जादूगर पर 500-500 रुपये नोट उड़ाने शुरू कर दिया। इस वीडियो वायरल हो गया, जो चर्चा का विषय है।

सैकड़ों समर्थकों के साथ जदयू में शामिल

भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष विजय कुमार राजभर समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के संघर्ष, विकासपरक सोच और सामाजिक न्याय की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने जदयू की सदस्यता लेने का निर्णय लिया है।

ये उपस्थित रहे

नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार, वाल्मीकिनगर (प.चंपारण) के सांसद सुशील कुमार, डुमराव विधायक राहुल सिंह, यूपी प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी पटेल, प्रदेश महासचिव सुशील पटेल, अवधेश सिंह, अभिषेक राय, संजय सिंह पटेल, हरिशंकर, विनीत तिवारी, कल्पनाथ वर्मा, शालिनी पटेल, सुशील कश्यप, ओमप्रकाश वर्मा, मनोज राजभर, डॉ श्वेतांक मिश्र, ब्रह्मचारी पटेल, चंद्रभान मौर्य, अरविंद पटेल, बबलू सिंह, कृष्णा मौर्य, आशीष पटेल आदि।