Headlines
Loading...
चंदौली : राजदरी, देवदरी जलप्रपात से एक दिन में कमाए पौने तीन लाख से ज्यादा राजस्व

चंदौली : राजदरी, देवदरी जलप्रपात से एक दिन में कमाए पौने तीन लाख से ज्यादा राजस्व


चंदौली :कोरोना  काल में लंबे अंतराल के बाद राजदरी देवदरी जलप्रपात पर सैलानियों का कारवां उमड़ रहा। इससे वन विभाग को अच्छा खासा राजस्व प्राप्त हुआ। भीड़ के चलते अब तक का सारा रिकार्ड टूट गया। सैलानियों की भीड़ को देखते हुए वन विभाग को अतिरिक्त काउंटर खोलना पड़ा। एक दिन में अब तक का सबसे ज्यादा राजस्व मिला है।
वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राजदरी देवदरी जलप्रपात पर एक जनवरी 21 को 968 छोटे बड़े वाहनों की एंट्री हुई इसमें सर्वाधिक 810 चार चक्के के वाहन वह 12 चक्के के वाहन शामिल हुए। सैलानियों की संख्या 8535 रही। राजस्व के रूप में विभाग को दो लाख 75 हजार 550 रुपये प्राप्त हुए। जो अब तक का रिकार्ड है। 2020 में एक जनवरी को एक लाख 32 हजार रुपये की कमाई हुई थी। 2019 के नववर्ष के दिन एक लाख 25 हजार रुपये ही सरकारी खजाने में जमा हुए थे। जलप्रपात पर प्रमुख रूप से नववर्ष, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस पर सैलानियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि होती है। विभाग को इन दिनों में राजस्व के रूप में अब तक 80 हजार से एक लाख 25000 राजस्व की वसूली हो पाती थी। लेकिन अबकी वर्ष कोरोना काल के बावजूद घरों में कैद रहने वाले लोगों नववर्ष पर बेफिक्र होकर पर्यटन स्थल पर लुत्फ उठाया। 

समीपवर्ती बिहार सहित वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र, बलिया जनपद के लोग यहां पहुंचे। अधिकांश लोगों ने नए वर्ष के जश्न के लिए जंगलों, पहाड़ों को चुना। भारी भीड़ के चलते वनविभाग को राजदरी प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त काउंटर खोलना पड़ा। वन क्षेत्राधिकारी ताराशंकर सिंह यादव, आनंद दुबे खुद कमान संभाले थे। वन क्षेत्राधिकारी चंद्रप्रभा बृजेंद्र पांडेय ने कहा राजदरी जलप्रपात पर पहुंचने वाले सैलानियों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजस्व के रूप में अब तक सर्वाधिक इजाफा हुआ है।