UP news
फर्रुखाबाद : खेत पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर एक वृद्ध को दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा
फर्रुखाबाद l खेत पर अवैध कब्जे का विरोध करने पर वृद्ध को दबंगों ने लाठी-डंडों से पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। वहीं पुलिस ने पीडि़त को भी थाने में बैठा रखा है।
गांव इकलहरा निवासी वृद्ध श्रीपाल कश्यप का सात बीघा पट्टे का खेत कंपिल अटैना मार्ग पर मवेशी अस्पताल के निकट है। खेत में वर्षों से नींव भरी है। सोमवार दोपहर को गांव के ही दबंगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध कब्जा करने के उद्देश्य से ट्रैक्टर से खेत जोतना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी पर श्रीपाल ने पहुंचकर विरोध जताया।
इससे दबंग गाली देने लगे। परिजनों के विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और वृद्ध को जमकर पीटा। राहगीरों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन दबंगों ने असलहे लहराए। इसी के चलते ग्रामीण बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना पर पुलिस पहुंची और दो लोगों को पकड़कर लेकर थाने ले आई। पीडि़त वृद्ध को भी थाने में बैठा लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।