Headlines
Loading...
मौनी अमावस्या कल यूपी के प्रयागराज माघ मेले में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी।

मौनी अमावस्या कल यूपी के प्रयागराज माघ मेले में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी।



प्रयागराज। माघ मेले में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है। मौनी अमावस्या स्नान पर्व की पूर्व संध्या पर बम निरोधक दस्ते ने डॉग स्क्वाड के साथ गहन चेकिंग अभियान चलाया। पांटून पुल से लेकर पार्किंग स्थल और संगम नोज पर चारों तरफ जांच की गई। ड्रोन की मदद से माघ मेला में आने वाली संभावित भीड़ का आकलन करके आवागमन देखा। इस दौरान आईजी केपी सिंह, डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी और एसपी माघ मेला राजीव नारायण ने सुरक्षा के मद्देनजर एसपी इंटेलीजेंस के साथ बैठक कर पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। आईबी और एलआईयू की टीमें भी लगा दी गई हैं। एसपी माघ मेला राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की मदद के लिए नागरिक पुलिस, यातायात पुलिस, घुड़सवार पुलिस, महिला पुलिस कर्मी, अग्निशमन दल, पीएसी के जवान, एटीएस के कमांडो लगे हैं। श्रद्वालुओं के सुरक्षित स्नान कराने के लिए घाटों पर जल पुलिस और एसडीआरएफ के जवान गोताखोरों के साथ लगे हैं। सभी स्नानार्थियों से अपील की गई कि सावधानी पूर्वक स्नान करें। किसी भी प्रकार के संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं। पुलिस पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को कोविड-19 का संक्रमण रोकने एवं बचाव हेतु कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर पांच हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व यातायात प्रबंधन में लगाए गए हैं। प्रयागराज माघ मेला में ड्यूटी पर आए पुलिसकर्मियों का पिछले 50 दिनों से प्रशिक्षण चल रहा है। बाहर से आए पुलिसकर्मियों को यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के साथ ही उनके अचारण और व्यवहार को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ और रिटायर पुलिस अफसरों ने अपने अनुभव से उनको माघ मेला की ड्यूटी का महत्व समझाकर प्रेरित किया। अभी तक माघ मेला के दोनों स्नान पर्व पर भीड़ नहीं थी। असली परीक्षा 11 फरवरी को होनी है। मंगलवार रात से ही भरने लगी थी पार्किंग पुलिस ने की सख्ती मौनी अमावस्या स्नान पर्व से पूर्व ही श्रद्धालुओं का रेला आने लगा था। इस बार श्रद्धालुओं की मदद के लिए काली सड़क के अलावा पांच जगहों पर पार्किंग स्थल बनाया गया है। भीड़ को देखते हुए बुधवार सुबह से माघ मेला में गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। मंगलवार रात से ही श्रद्धालुओं की गाड़ियां माघ मेला में आने लगी थी। गोंडा से 20 श्रद्धालुओं को लेकर आए चालक नफीस ने बताया कि मंगलवार देर रात वह गाड़ी लेकर आ गया। उस वक्त पार्किंग में काफी जगह थी। हेलीपैड पार्किंग में उसने गाड़ी खड़ी की। बुधवार शाम तक पार्किंग भरने लगा था। पुलिस ने चेकिंग में सख्ती की। बाइक लेकर जाने वालों को भी लौटा दिया गया। एक तरफ काली सड़क तो दूसरी ओर दारागंज पुलिया के पास गाड़ियों को रोका जा रहा था। इसी तरफ झूंसी और कीडगंज की तरफ पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी।