UP news
भदोही : चौरी में विशालकाय वट वृक्ष धराशायी होने से राइस मिल संचालक की मौत
भदोही । चौरी क्षेत्र के ममहर गांव में सोमवार को 200 साल पुराना विशालकाय वट वृक्ष धराशायी हो गया। इसके नीचे ट्रैक्टर चलित राइस मिल से धान की दराई करते हुए मिल संचालक पंकज सरोज (18) की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोग इधर-उधर भागने लगे। करीब एक घंटे कठिन परिश्रम के बाद जेसीबी लगाकर पेड़ हटाया गया। आनन-फानन उसे एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्वजनों में कोहराम मच गया।
मीरजापुर के चेतगंज निवासी पन्नालाल सरोज चौरी थाना क्षेत्र के रमईपुर गांव में घर बनाकर रहने लगे थे। दोपहर में पन्नालाल का पुत्र पकंज सरोज ट्रैक्टर चलित मिनी राइस मिल लेकर पड़ोस के गांव ममहर में धान की दराई करने गया था। धान की दराई करने के बाद पंकज पेड़ के नीचे छांव में बैठा रहा जबकि अन्य सभी सभी लोग चावल रखने के लिए घर चले गए थे। इस बीच अचानक बगल में स्थित सबसे पुराना वट का पेड़ पंकज के ऊपर गिर पड़ा। कुछ ही देर मे भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की जानकारी स्वजनों को जानकारी होते ही कोहराम मच गया। अधिसंख्य लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। मृतक की मां प्रेमा देवी का रो- रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष रामदरश ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।