Headlines
Loading...
आजमगढ़ : अमित शाह बोले- मां सरस्वती का धाम बनेगा आजमगढ़, महाराजा सुहेलदेव के नाम से बनेगा विश्वविद्यालय

आजमगढ़ : अमित शाह बोले- मां सरस्वती का धाम बनेगा आजमगढ़, महाराजा सुहेलदेव के नाम से बनेगा विश्वविद्यालय

आजमगढ़ । केन्द्र सरकार में गृह मंत्री अमित शाह बहुजन समाज पार्टी तथा समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले जिले आजमगढ़ को बड़ा तोहफा देने के साथ ही में भारतीय जनता पार्टी के कार्य तथा योजनाओं को लोगों के बीच रखा। अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राज्य विश्वविद्यालय का तोहफा देने के साथ जनसभा को भी संबोधित किया। आजमगढ़ की दस विधानसभा सीट में से पांच बसपा तथा चार सपा के पास हैं। एक पर भाजपा ने अपना खाता खोला है। अब भाजपा का लक्ष्य अधिक सीट जीतने का ही है।

आजमगढ़ में गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जनता का अभिवादन किया।

राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लम्बे समय तक बदनाम रहा आजमगढ़ अब मां सरस्वती का धाम बनेगा। हम यहां पर माता सरस्वती का मंदिर बनाने जा रहा है। हम यहां पर महाराजा सुहेलदेव के नाम से राज्य विश्वविद्यालय बनाने जा रहे हैं। अमित शाह ने राज्य विश्वविद्यालय के नाम का एलान किया। उन्होंने कहा कि यहां पर महाराजा सुहेलदेव के नाम से राज्य विश्वविद्यालय बनेगा। उन्होने कहा कि मैं योगी आदित्यनाथ जी को एक सुझाव देना चाहता हूं, कि इसी यूपी की भूमि पर परदेसी आक्रांताओं को खदेडऩे का काम महराज सुहेलदेव जी ने किया था। अगर इस यूनिवर्सिटी का नाम हम उनके नाम पर रखते हैं, तो ये लोगों के लिए बहुत बड़ा संदेश होगा।

अमित शाह ने कहा कि जहां पर कभी महिर्षि वशिष्ठ जी का आश्रम हुआ करता था, उसी भूमि पर आज मां सरस्वती जी का मंदिर बनने जा रहा है। जिस आजमगढ़ को दुनियाभर के अंदर, सपा शासन में कट्टरवादी सोच और आतंकवाद की पनाहगार के रूप में जाना जाता था, उसी भूमि पर हम लोग आज मां सरस्वती जी का धाम बनाने का काम कर रहे हैं। गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वांचल को मच्छर और माफिया मुक्त कर दिया। आजगमढ़ भी इसी में शामिल है। जिस आजमगढ़ को आतंवादियों की पनाहगाह के रूप में जाना जाता था आज उसी आजमगढ़ में मां सरस्वती का मंदिर विश्विद्यालय बन रहा है। यह परिवर्तन की शुरुआत है, हमने दस विश्विद्यालय बनाने का वादा किया था, जो आज पूरा हो गया है।