Bihar News
बिहार : पटना में गर्मी से मिलेगी कुछ राहत, वहीं लेकिन इन प्रदेश में लू चलने की मौसम विभाग ने दी चेतावनी
पटना। प्रदेश में पुरवा व पछुआ हवा के प्रवाह से तापमान में भी आंशिक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। प्रदेश के प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में बीते दो से तीन दिनों में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पछुआ के कारण एक अप्रैल को प्रदेश के औरंगाबाद, कैमूर, गया, नवादा में हीट वेव के हालात होने के साथ लू चलने की आशंका है।
वहीं 30 मार्च को राज्य के पूर्वी भाग में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त पुरवा हवा के कारण आंशिक बूंदाबांदी के साथ बादल छाए रहने के आसार हैं। जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है। इस तरह से देखें तो राज्य में एक ओर गर्म हवा के थपेड़े लोगों की परीक्षा लेंगे तो दूसरी ओर मौसम सुहावना रहेेगा। मार्च में जिस तरह से गर्मी पड़ रही है इससे लोगों को मई-जून की चिंता सताने लगी है।
वहीं मौसम विज्ञानियों ने बताया कि सोमवार को बक्सर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। बक्सर का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटना का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं 17.2 डिग्री सेल्सियस गया का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
वहीं गया का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री, भागलपुर का 36 डिग्री, पूर्णिया का 33 डिग्री, जमुई का 38 डिग्री, औरंगाबाद का 37.8 डिग्री, नवादा का 33.6 डिग्री, सीतामढ़ी का 37.4 डिग्री, सुपौल का 34.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्रदेश में शुष्क हवा के प्रभाव से आर्द्रता में कमी आई है। सोमवार की शाम पटना की आर्द्रता 35 प्रतिशत, गया की 25, औरंगाबाद की19, नवादा की 22 प्रतिशत तक दर्ज की गई।