यूपी,गाजीपुर :: कहीं तिरंगा तो कहीं चंद्रयान-3 के रंग में नजर आएंगे दुर्गा पूजा पंडाल,,,।
यूपी,गाजीपुर :: शारदीय नवरात्र 15 अक्तूबर से प्रारंभ होगा। जिले के विभिन्न इलाकों में दुर्गोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार दुर्गा पंडालों में कई थीम दिखेंगे। कही तिरंगा तो किसी जगह मिशन चंद्रयान-3 की झलक नजर आएगी। पंडालों में केदारनाथ मंदिर से लेकर इंडिया गेट का भी नजारा दिखेगा।
इस बार जनपद में 456 स्थानों पर मां दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होंगी। सभी पंडाल थीम आधारित होंगे। कुछ पूजा समितियों ने तो पंडाल बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। चीतनाथ मुहल्ले में छवलका इनार के पास नवयुवक दुर्गापूजा समिति इस बार नई थीम पर पंडाल बनाएगी। इसे केदारनाथ मंदिर की तरह बनाया जाएगा। कुल ऊंचाई करीब 25 फीट होगी। इसके लिए पश्चिम बंगाल से कारीगर बुलाये गये हैं जो तैयारी में जुटे हैं। यहां की मूर्ति गोरखपुर के बड़हलगंज में बनेगी।
नवाब साहब फाटक पर संयुक्त दुर्गापूजा समिति के पंडाल का अलग आकर्षण होता है। इस बार इसे इंडिया गेट का रूप दिया जाएगा। पश्चित बंगाल के कारीगर इसे मूर्तरूप देने में जुट गए हैं। दुर्गा प्रतिमा आजमगढ़ से आएगी।