IND Vs BAN: विराट कोहली का शतक, भारत ने लगाया जीत का चौका, बांग्लादेश को 7 विकेट से रौंदा,,,।
एमसीए स्टेडियम में हुए मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इसके बाद टीम ने टॉस जीतने के मौके को भुनाते हुए भारत के खिलाफ अच्छी शुरुआत की। दोनों सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन (51) और लिटन दास (66) ने अर्धशतक जमाए। तंजीद हसन ने इस बीच दो शानदार छक्के भी दिखाए।
इसके बाद मध्यक्रम के बांग्ला बल्लेबाज महमदुल्लाह ने 36 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के लगाकर 46 महत्वपूर्ण रन बनाए। इसके अलावा मुश्फिकुर रहमान ने भी 38 रनों की पारी खेली। जिसकी बदौलत बांग्लादेश ने 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए।गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की जोड़ी ने 2-2 विकेट लिए। इसके अलावा स्पिन अटैक में रवींद्र जडेजा ने 2 और कुलदीप यादव ने 1 विकेट लिया। वहीं, शार्दुल ठाकुर ने भी एक विकेट चटकाया। जडेजा 38 रनों के साथ सबसे कम रन गेंद देने वाले गेंदबाज रहे।
इस बीच ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अपने पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर चोटिल हो गए। जिसके बाद विराट कोहली ने उनकी शेष 3 गेंद डाली। पंड्या ने शुरुआती 3 गेंदों में 2 चौके दे दिए थे। जबकि, कोहली ने अपनी 3 गेंदों में 2 रन ही लुटाए।
रोहित की जोरदार शुरुआत के बाद कोहली ने जमाया शतक
इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली ने 97 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्के लगाकर नाबाद 103 रन बनाए। कोहली ने इसके साथ अपना 48वां वनडे और 78वां अंतर्राष्ट्रीय शतक पूरा कर लिया। केएल राहुल ने 34 रनों का योगदान दिया। भारत ने 41.3 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 261 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।