Headlines
Loading...
यूपी पुलिस के कर्मियों के लिए अच्छी खबर.... सभी जिलाें में होगा पीजीआरयू का शीघ्र गठन, वॉट्सएप नंबर होगा जारी...

यूपी पुलिस के कर्मियों के लिए अच्छी खबर.... सभी जिलाें में होगा पीजीआरयू का शीघ्र गठन, वॉट्सएप नंबर होगा जारी...

ब्यूरो, लखनऊ। पुलिस कर्मियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए सभी जिलों में पुलिस ग्रीवांस रिड्रेसल यूनिट (पीजीआरयू) का गठन किया जाएगा। इस यूनिट में आने वाली पुलिसकर्मियों की शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी जाएगी।संबंधित पुलिस अधीक्षक शिकायतों व उनके निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट रोजाना उच्च अधिकारियों को देंगे।

डीजीपी प्रशांत कुमार ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए सभी जिलों में सेल का गठन करने के निर्देश दिए थे।

कई जिलों में सेल का गठन किया जा चुका है। उसके बाद भी पुलिसकर्मियों की शिकायतों के निस्तारण संबंधी मामले पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में आ रहे थे।

नतीजतन डीजीपी के निर्देश पर अब सभी जिलों में पीजीआरयू का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रयोग के तौर पर पहले चरण में सोमवार को सुलतानपुर में पीजीआरयू का शुभारम्भ किया गया है।

इस यूनिट में सिंगल विंडो सिस्टम के आधार पर शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। कोई भी पुलिसकर्मी वेतन विसंगति, एरियर भुगतान, वेतन बढ़ोतरी, जीपीएफ, कैरेक्टर रोल में नामिनी, पता व शिक्षा अभिलेखों का अंकन या परिवर्तन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, स्थानांतरण, एलपीसी सहित सेवा संबंधी समस्याओं को इस यूनिट के सामने रख सकता है।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी स्वयं उपस्थित होकर या थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी व उच्च अधिकारियों के माध्यम से भी शिकायत दे सकते हैं। यूनिट का वॉट्सएप नंबर भी जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से भी शिकायत दी जा सकती है।

शिकायतों के निस्तारण के लिए दिन भी निर्धारित किए जाएंगे और निस्तारण के बाद संबंधित पुलिसकर्मी को इसकी सूचना भी दी जाएगी।