पटना में रविवार दोपहर 10 बीघा जमीन को लेकर बवाल, दारोगा सहित तीन को मारी गोली; दो दिन पहले हुई थी बेटे की शादी...
बिहार पटना ब्यूरो। धनरुआ। सेवती गांव में रविवार की दोपहर जमीन विवाद सुलझाने को लेकर चल रही पंचायती के दौरान दो पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। फायरिंग में एक पक्ष के दारोगा, उनके पुत्र और भतीजा को गोली लगी गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
तीनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। इसमें एक की हालत गंभीर है।
पुलिस ने घटनास्थल से 12 खोखे बरामद किए हैं। मसौढ़ी के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी कन्हैया सिंह ने बताया कि घटना के समय जमीन विवाद पर आपसी समझौता चल रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी।
तीन लोगों को गोली लगी है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस को भी गांव में तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गांव में गश्ती कर रही है। स्थिति नियंत्रित में है।
थानाध्यक्ष शुभेन्द्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल से 12 खोखे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्ष द्वारा फायरिंग की बात सामने आ रही है। एक पक्ष के बिंदेश्वरी राम ने 15 लोगों के खिलाफ केस किया है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दारोगा मनोज सिंह मूल रूप से छपरा के नया गांव के निवासी हैं।
धनरुआ के सेवती गांव में मनोज का ससुराल है। उसी गांव में उनकी जमीन है। वह वर्तमान में सहरसा के पथरधट थाना में तैनात हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के तेतरी गांव निवासी बिंदेश्वरी राम हैं। दोनों पक्ष के बीच जमीन विवाद चल रहा है।
इस विवाद को सुलझाने को लेकर रविवार की दोपहर करीब साढ़े 11 बजे गांव में पंचायत थी। पंचायत के दौरान दोनों पक्ष में कहासुनी हुई और विवाद हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि इसी बीच आठ से दस की संख्या में और लोग पहुंच गए। फिर ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। गोली चलने से वहां अफरातफरी मच गई। पंचायत में शामिल लोग इधर-उधर भागने लगे।
फायरिंग में दारोगा मनोज सिंह के पैर में, उनके पुत्र सावन कुमार के हाथ, पैर और सिर के दाहिने हिस्से में और भतीजा रोहित कुमार के पेट में गोली लग गई।
रोहित की स्थिति गंभीर है, उन्हें राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों की मानें तो मनोज सिंह का विवाद तेतरी गांव बिंदेश्वरी राम समेत आधा दर्जन लोगों से चल रहा है।
10 बीघा जमीन को लेकर हुआ खूनी संघर्ष
बताया जा रहा है कि 10 बीघा जमीन को लेकर खूनी संघर्ष हुआ है। जिनकी जमीन हैं, उनकी तीन बेटियां हैं। जमीन उनके दामाद को मिली थी। इसमें मनोज सिंह भी है। वर्तमान ने विवादित जमीन पर छह पट्टेदार लोग का कब्जा है।
इसी जमीन पर तेतरी गांव के भी कुछ और लोग कब्जा जमाना चाह रहे। बिंदेश्वरी राम खतियान दिखा कर कब्जा करना चाह रहा है, जिसमें कई भू माफिया भी शामिल है।
दो दिन पहले हुई है दारोगा के बेटे की शादी
दारोगा मनोज कुमार 31 मई से पुत्र के विवाह को लेकर अवकाश लेकर घर गए थे। मनोज के पुत्र सावन नयागांव छपरा में ही रहते हैं। दो दिन पूर्व छह जून को सावन की शादी हुई है। इसी बीच, सावन कुमार पिता के साथ सेवती गांव में जमीन विवाद को सुलझाने पहुंचे थे।