Headlines
Loading...
यूपी दीपोत्सव 2025: अयोध्या में रामायण थीम पर 20 सेल्फी प्वाइंट, CM योगी सरकार ने दिया सांस्कृतिक और डिजिटल अनुभव का उपहार...

यूपी दीपोत्सव 2025: अयोध्या में रामायण थीम पर 20 सेल्फी प्वाइंट, CM योगी सरकार ने दिया सांस्कृतिक और डिजिटल अनुभव का उपहार...

अयोध्या, 17 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ चाहते हैं कि दीपोत्सव 2025 सिर्फ रोशनी का त्योहार न रहे, बल्कि यह श्रद्धा, संस्कृति और डिजिटल अनुभव का ऐसा संगम बने जो अयोध्या की पहचान को नई ऊंचाई दे।इसी सोच के तहत अयोध्या धाम को और भव्य बनाने के लिए 20 विशेष सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। ये प्वाइंट रामायण के प्रमुख प्रसंगों पर आधारित होंगे और धर्मपथ, लता चौक, राम की पैड़ी तथा रामकथा पार्क जैसे प्रमुख स्थलों पर स्थापित किए जा रहे हैं।

रामायण के 20 प्रसंगों पर आधारित सेल्फी प्वाइंट

हर सेल्फी प्वाइंट की थीम रामायण के किसी महत्वपूर्ण प्रसंग से जुड़ी होगी। इनमें शामिल हैं:

* सुमेरु पर्वत लेकर उड़ते हुए हनुमान जी
* भगवान श्रीराम को वर्षा से बचाते हनुमान
* राम और लक्ष्मण को कंधे पर उठाए उड़ते हुए हनुमान
* जटायु से वार्तालाप करते प्रभु श्रीराम
* अशोक वाटिका में सीता माता से भेंट का दृश्य
* रावण वध और लंका दहन
* केवट मिलन प्रसंग
* अग्नि परीक्षा देती मां सीता का दृश्य आदि।

इन सभी दृश्यों को विशेष कलात्मकता के साथ तैयार किया जा रहा है। संरचनाओं को धनुष के आकार में डिजाइन किया गया है, जिससे यह अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान और भगवान श्रीराम के प्रतीक को दर्शाएगा। श्रद्धालु इन आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स के साथ तस्वीरें लेकर दीपोत्सव की यादों को सहेज सकेंगे।

अयोध्या को मिलेगी नई और भव्य पहचान

इन 20 थीमैटिक सेल्फी प्वाइंट्स का निर्माण उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की निगरानी में हो रहा है। कार्यदायी संस्था सार्क मीडिया इस परियोजना को तैयार कर रही है। संस्था के संचालक सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या अब केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आधुनिक कला और आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र बन रही है। उन्होंने कहा कि ये सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं को 'रामायण अनुभव' से जोड़ने का माध्यम बनेंगे और हर आगंतुक को अयोध्या की अनोखी सांस्कृतिक झलक अपने कैमरे में कैद करने का अवसर मिलेगा।

डिजिटल युग में श्रद्धा और संस्कृति का संगम

दीपोत्सव 2025 में पारंपरिक आस्था और आधुनिक डिजिटल तकनीक का अद्भुत मेल देखने को मिलेगा। इन थीमैटिक इंस्टॉलेशनों के माध्यम से श्रद्धालु और पर्यटक रामायण के दृश्यों को जीवंत रूप में देख और महसूस कर सकेंगे।

जब दीपोत्सव के दौरान धर्मपथ, राम की पैड़ी और लता चौक हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे, तब इन कलात्मक पृष्ठभूमियों के साथ ली गई तस्वीरें अयोध्या की भव्यता और सांस्कृतिक विरासत की कहानी कहेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल अयोध्या को न केवल विश्वास और भक्ति का केंद्र, बल्कि कला, संस्कृति और डिजिटल पर्यटन का वैश्विक हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।