भारत से जाते-जाते पाकिस्तान को भी संदेश दे गए रूसी राष्ट्रपति पुतिन, तालिबान को बताया आतंक का दुश्मन...
रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय भारत यात्रा के बाद स्वदेश रवाना हो गए हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देशों में कई अहम समझौते हुए। इसके अलावा दोनों ही देशों ने मिलकर आतंकवाद, आर्थिक चुनौतियों और विरासत को संभालने की प्रतिबद्धता जताई।जाते-जाते राष्ट्रपति पुतिन पाकिस्तान को भी अप्रत्यक्ष रूप से सुना गए हैं। पुतिन ने कहा कि अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार आतंक के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है।
इसके अलावा अफीम को खत्म करने के लिए वह बड़ा काम कर रही है। इसीलिए रूस ने तालिबान सरकार को मान्यता दी है। बता दें कि पाकिस्तान अफगानिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगाता है। बीते कुछ महीनों से दोनों देशों का तनाव चरम पर पहुंच गया है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने कहा कि सारे ही देशों में कुछ ना कुछ समस्याएं हैं। अफगानिस्तान भी किसी से अलग नहीं है। दशकों तक यह देश गृह युद्ध से जूझता रहा है। लेकिन तालिबान ने अफगानिस्तान को संभाल लिया है। आपको यह स्वीकार करना होगा क्योंकि सच यही है। अफगानी सरकार ने आतंकवाद से लड़ने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। बता दें कि रूस ऐसा पहला देश है जिसने अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार को मान्यता दी है।
पुतिन ने कहा, अफगानिस्तान की सरकार ने अफीम के उत्पादन पर भी रोक लगाई है। वे ड्रग्स की चुनौती का जमकर सामना कर रहे हैं। इसके अलावा भी कई ऐसे बिंदु हैं जिनपर तालिबान की सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है।
पुतिन ने भारत में किया रूसी टीवी का उद्घाटन
पुतिन ने भारत में रूस के सरकारी टेलीविजन नेटवर्क आरटी इंडिया का शुभारंभ करते उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "भारत की अर्थव्यवस्था बदल गई है। एक साझेदार के रूप में भारत की क्षमताएं बदल गई हैं। लेकिन एक चीज अभी भी बाकी है: मित्रता और आपसी सहयोग के विकास में दोनों देशों की रुचि।" रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि आरटी सूचना का ऐसा स्रोत है, जो पूरी तरह से स्वच्छ है और जिसका लक्ष्य अपने दर्शकों की जरूरतों को पूरा करना है। रशिया टुडे का लक्ष्य रूसी मूल्यों, संस्कृति, घरेलू और विदेशी मामलों में रूस के रुख का प्रचार करना नहीं है, बल्कि रूस और विश्व के बारे में "सच्ची जानकारी" प्रदान करना है।
आरटी की प्रधान संपादक मार्गारीटा सिमोनियन के कुछ देशों में चैनल को बंद किए जाने के बारे में की गई टिप्पणी का उल्लेख करते हुए पुतिन ने कहा कि ऐसी कार्रवाई तकनीकी या नियामक कारणों से नहीं, बल्कि सच्चाई के सामने आने के डर से की जाती है। रूस के राष्ट्रपति ने कहा, "रूस टुडे अपने दर्शकों को हमारे देश और दुनिया में हो रही घटनाओं के बारे में सच्ची जानकारी देने का प्रयास करता है और यही रूस टुडे की सबसे खास बात है।" श्री पुतिन ने उपस्थित लोगों को दिवंगत अभिनेता राज कपूर के साथ रूस के संबंधों की भी याद दिलाई।
पुतिन ने राजकपूर का लिया नाम
उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा, "राज कपूर के जमाने के बाद से काफी समय बीत चुका है। भारत नाटकीय रूप से बदल गया है। लेकिन तब व्लादिमीर वायसोस्की के राज कपूर के बारे में लिखे गए गीत के बोल मुझे अभी याद आ गए। लेकिन कुछ और भी शब्द हैं। उन्होंने कहा था कि पहले योगी एक साल तक उपवास करते थे... अब वे सब कुछ खाते-पीते हैं।"