गाजियाबाद: जिससे की लव मैरिज उसी ने दहेज के लालच में ले ली महिला कमांडो काजल की जान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा...
गाजियाबाद: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात महिला कमांडो काजल की मौत ने सबको हैरान कर दिया है। ये मामला सिर्फ हत्या का नहीं है, बल्कि उस भरोसे के टूटने का है जिसे काजल ने 'प्यार' समझा था। गाजियाबाद पुलिस से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अब दिल्ली पुलिस ने इस मामले को हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, काजल ने साल 2023 में अपनी पसंद से अंकुर नाम के लड़के से शादी की थी। अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क है। काजल को लगा था कि दोनों सरकारी नौकरी में हैं तो जिंदगी अच्छी कटेगी, पर शादी के कुछ ही दिन बाद पति और ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे तंग करना शुरू कर दिया था।
हैरानी की बात ये है कि जो काजल बाहर बड़े-बड़े अपराधियों से भिड़ती थी, वो घर के अंदर अपने पति का टॉर्चर चुपचाप सहती रही। 22 जनवरी को काजल और अंकुर का घर में क्लेश हुआ, तो काजल ने अपने भाई दिल्ली पुलिस में सिपाही निखिल को फोन करके बताया था कि उसके साथ मारपीट हो रही है। लेकिन जब तक निखिल वहां पहुंचता अंकुर ने उससे पहले ही जिम में इस्तेमाल होने वाले डंबल से काजल के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वो गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।
काजल के भाई निखिल के अनुसार, काजल को घायल करने के बाद अंकुर ने खुद फोन करके कहा था कि मैंने काजल को मार दिया है। जिसके बाद परिजनों ने पहले काजल को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां गंभीर हालत देखते हुए गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जहां छह दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ते हुए मंगलवार को काजल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को दे दी है। पहले ये केस जानलेवा हमले का था, लेकिन अब काजल की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने अंकुर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।