पाकिस्तान तो यूपी का मुकाबला नहीं कर सकता, भारत का क्या करेगा? सीएम योगी के 10 हमले क्या है जानिए? डिटेल में...
लखनऊ राज्य, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान पर करारा हमला बोला। किसी भी क्षेत्र में पाकिस्तान के भारत से मुकाबला न होने की बात कही। सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान अब उत्तर प्रदेश का मुकाबला नहीं कर सकता है। भारत का मुकाबला किस प्रकार से कर पाएगा। सीएम योगी ने टाइम्स नाउ नवभारत के विकसित भारत-समृद्ध उत्तर प्रदेश कॉन्क्लेव में तमाम मुद्दों पर बात की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बारे में बात करते हुए उन्होंने दोनों को नकारात्मक सोच वाला करार दिया। सीएम योगी ने साफ तौर पर कहा कि इन लोगों को संतुष्ट करना संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की बात वह समाजवादी पार्टी कर रही है जिसने उनके नाम पर बने हुए सामाजिक न्याय के स्मारकों को नष्ट करने का काम किया था। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध समाजवादी पार्टी की सरकार के समय हुए थे। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनी। उस समय तक यानी वित्तीय वर्ष 2016-17 में तत्कालीन सरकार ने 3 लाख करोड़ का बजट पेश किया था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश विकास के रथ पर सवार है। इस साल हमने इस बार 9 लाख 12 हजार 600 करोड़ से ज्यादा का बजट पेश किया है। सीएम योगी के भाषण के प्रमुख 10 पॉइंट जानिए।
1. पहचान का मोहताज नहीं: सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा आज पहचान का मोहताज नहीं है। यूपी की तस्वीर बदली है। हर क्षेत्र में विकास हुआ है। किसान खुशहाल हैं। युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराए गए हैं। एक समय यूपी को बीमारू राज्य बना दिया गया था। आज वह स्थिति बदली है। पिछले 9 सालों में पीएम मोदी के मार्गदर्श में हम प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले आए हैं।
2. दंगाइयों पर एक्शन: सीएम योगी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति का जिक्र किया। सीएम ने कहा कि हमने प्रदेश में दंगाइयों को सही ठिकाने पर पहुंचाया है। कानून को हाथ में लेने वालों को उचित कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। भय का माहौल खत्म हुआ है तो निवेश प्रस्ताव में भी तेजी आई है आज यूपी की तस्वीर बदली है। यह विजन में बदलाव का परिणाम है।
3. बेटियों को किया सुरक्षित: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने बेटियों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से काम किया है। 2017 के पहले शाम को ऑफिस से घर लौटते समय एक बेटी के मन में हमेशा असुरक्षा का भय रहता था। हमारी सरकार ने बेटियों को सुरक्षित किए जाने को लेकर लगातार काम किया। आज बेटियां रात को भी प्रदेश में काम करने के लिए निकलती हैं।
4. प्रदेश को बनाया पिछड़ा: सीएम योगी ने पूर्व की सरकारों को प्रदेश के पिछड़ेपन का कारण बताया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति के कारण यूपी लगातार पिछड़ता रहा। आज यूपी का युवा पहचान के लिए मोहताज नहीं है और यूपी के किसान को उसकी उपज का अच्छा दाम उसे मिल रहा है। हमारी सरकार ने हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है।
5. परिवारवाद पर तंज: सीएम योगी ने विपक्षी पार्टियों के परिवारवाद पर तंज कसा है। सीएम योगी ने कहा कि इनके (अखिलेश यादव) लिए अपना परिवार ही सब कुछ है। परिवार के लोगों को आगे बढ़ाने में लगे रहते हैं। सत्ता इनके लिए परिवार को आगे बढ़ाने का माध्यम है। हमारे लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इनका कोई फ्यूचर नहीं है।
6. सनातनी अवतार पर हमला: सीएम 6. सनातनी अवतार पर हमला: सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के सनातनी अवतार पर तंज कसा। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में दिए गए अखिलेश यादव के बयानों पर तंज कसा। सीएम ने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद का नाम जपते-जपते कल वे (अखिलेश यादव) गाजी की वकालत करने लग जाएंगे। सीएम ने कहा कि यह आस्था नही, अवसरवाद है। भारत की आस्था पर प्रहार करना और अर्थव्यवस्था को रोकना इनकी प्रवृत्ति बन चुकी थी। सीएम योगी ने कहा कि इन्होंने (समाजवादी पार्टी) घोषणा की थी कि वे सैफई में दुर्योधन की प्रतिमा स्थापित करेंगे। यही इनका मूल चरित्र है।
7. यूपी में बने नमूना: सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर तंज भरे अंदाज में कहा कि ये विजनलेस हैं। इनमें विकास और अर्थव्यवस्था की कोई सोच नहीं है। यूपी अब आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला तैयार कर रहा है। अवसरवादी लोगों को अब प्रदेश कोई तबज्जो नहीं देने वाला है। इन्हें लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं। ये लोग यूपी में नमूना बन गए हैं। वहीं, भाजपा सरकार लगातार लोगों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश को टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन से जोड़ा है।
8. कांग्रेस की राह पर सपा: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी तेजी से कांग्रेस की राह पर चल पड़ी है। ये लोग अपनी नीतियों से लोगों को असंतुष्ट कर चुके हैं। कांग्रेस को यूपी की जनता ने 2022 के चुनाव में चार कंधों लायक भी नहीं छोड़ा। समाजवादी पार्टी भी इसी राह पर बढ़ी हुई है। जनता समझ चुकी है दुष्प्रचार के अलावा विपक्ष के पास कोई और मुद्दा नहीं है। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा सिर्फ बीजेपी की डबल इंजन सरकार दे सकती है, यह जनता जान चुकी है।
9. टीपू सुल्तान के मुद्दे पर हमला: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता के छत्रपति शिवाजी महाराज से टीपू सुल्तान की तुलना किए जाने पर जोरदार हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज से किसी ऐसे आक्रांता की तुलना नहीं की जा सकती है, जिसने भारत की आत्मा और आस्था पर चोट की है। टीपू सुल्तान को किसी भी स्थिति में भारतीय समाज स्वीकार नहीं करेगा।
10. एसआईआर की राजनीति पर हमला: सीएम योगी ने प्रदेश में एसआईआर को लेकर हो रही राजनीति पर हमलावर रुख अपनाया। सीएम योगी ने कहा कि एसआईआर 2004 में भी हुआ था। इसे सरकार नहीं करवा रही है। यह निर्वाचन आयोग की व्यवस्था है। इसमें सरकार सहयोग दे रही है। सीएम योगी ने कहा कि सपा को फर्जी काम करने में मजा आता है। एसआईआर कोई पहली बार नहीं हो रहा है। सीएम ने कहा कि सपा और कांग्रेस की ओर से वकालत की जाती है कि किसी को भी बिना आईडी के वोट डालने दो।