Headlines
Loading...
सालों पुराना कब्जा जमींदोज! बरेली में रेलवे ट्रैक किनारे बने 200 पक्के मकानों पर चली जेसीबी, भारी पुलिस बल तैनात...

सालों पुराना कब्जा जमींदोज! बरेली में रेलवे ट्रैक किनारे बने 200 पक्के मकानों पर चली जेसीबी, भारी पुलिस बल तैनात...

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे ने इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से श्यामगंज के बीच रेलवे लाइन के दोनों ओर फैले अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। वर्षों से रेलवे की जमीन पर बने पक्के अवैध निर्माणों को हटाने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचा और दो जेसीबी मशीनों की मदद से कार्रवाई शुरू की गई। 

इस दौरान करीब 200 से अधिक ऐसे आवासों को ध्वस्त किया गया, जो रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही कई बार नोटिस जारी किए गए थे और स्वयं अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद लोगों ने रेलवे की जमीन खाली नहीं की।
 

मजबूरी में प्रशासन को सख्त कदम उठाते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू करना पड़ा। अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। कार्रवाई के दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों और रेलवे टीम के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी, हालांकि अधिकारियों ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया और अभियान निर्बाध रूप से जारी रखा गया।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इज्जतनगर से श्यामगंज के बीच लगभग 10 हजार वर्ग मीटर रेलवे भूमि पर अवैध कब्जे चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटने के बाद इस भूमि का उपयोग रेलवे विकास प्राधिकरण के माध्यम से नियोजित ढंग से किया जाएगा।

यहां आवासीय योजना शुरू करने की तैयारी है, जिससे न केवल रेलवे की संपत्ति का सही उपयोग हो सकेगा, बल्कि क्षेत्र के सुनियोजित विकास को भी गति मिलेगी। प्रशासन ने दो टूक कहा कि भविष्य में भी रेलवे भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।