यूपी में 24 घंटे में दूसरा एनकाउंटर, शामली में कुख्यात रिहान अंसारी ढेर, वो 90 मामलों में था वांटेड...
उत्तर प्रदेश के शामली में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चली। इस दौरान 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान अंसारी ढेर हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से भाग निकला। मुठभेड़ के दौरान जमकर हुई फायरिंग, इस दौरान शामली कोतवाली पर तैनात सिपाही सुमित गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि रिहान अंसारी के खिलाफ लूट सहित विभिन्न धाराओं में 90 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटे में यह दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले मंगलवार रात को एक लाख के इनामी शूटर बनारसी यादव को एसटीएफ ने मार गिराया था।
शामली एसपी एनपी सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना से कसेरवा गांव की ओर बाइक सवार दो बदमाश लूट के इरादे से खड़े हैं. सूचना पर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गया।
जवाबी कार्रवाई में ढेर हो गया रिहान
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के ओखला स्थित जाकिर नगर निवासी और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया. घायल रिहान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली. उन्होंने बताया कि रिहान के खिलाफ शामली के अलावा बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट समेत विभिन्न धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
लूट की वारदात के बाद एक्शन में आई पुलिस
एसपी ने बताया कि गुरुवार की देर शाम को फतेहपुर निवासी राहुल और उसका दोस्त बाइक से शामली से फतेहपुर जा रहे थे. रास्ते में रिहान और उसके साथी ने पिस्टल के बल पर उनसे नगदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूट ली थी. इस संबंध में बाबरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल, अंगूठी और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने 0.32 बोर की इटली में निर्मित बरेटा पिस्तौल, देश में निर्मित .32 बोर की पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस और कारतूस के सात खोखे, घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की मोटर साइकिल, लूटा गया मोबाइल और 2 अन्य मोबाइल, दो लूटी गई अंगूठी और नगदी बरामद की गई है।
नवंबर 2025 में भी झिंझाना में की थी वारदात
पुलिस के अनुसार, रिहान ने नवंबर 2025 में अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से लूट की वारदात को अंजाम दिया था. यह मामला भी झिंझाना थाने में दर्ज है. उसी के बाद रिहान पर डीआईजी सहारनपुर की और से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
10 साल से संभाल रहा था गिरोह की कमान
पुलिस ने बताया कि रिहान पिछले दस वर्षों से अधिक समय से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था. वह कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में भी था और उसके साथ मिलकर शामली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहा था।