यूपी में आज शादी से तीन दिन पहले घर में घुसा युवक प्रेमिका की गर्दन पकड़ी व किए ताबड़तोड़ वार; उसके मरते ही ले ली खुद की भी जान...
मुजफ्फरनगर। आज यूपी में मुजफ्फरनगर के कोतवाली जानसठ क्षेत्र के गांव भलवा में गुरुवार को उस वक्त रूह कांप देने वाली वारदात हुई, जब एक सिर फिरे प्रेमी ने एक तरफा प्यार के चलते शादी से महज 3 दिन पहले ही युवती का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसी धारदार हथियार से खुद का भी गला काटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। गांव में इस खूनी खेल के बाद सनसनी है।
8 फरवरी को होनी थी प्रगति की शादी
जानकारी के अनुसार, गांव भलवा के रहने वाले विजयपाल की 27 साल की बेटी प्रगति की शादी 8 फरवरी को होनी थी। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था। इसी बीच, पड़ोस में रहने वाला रोहित, प्रगति के घर में दाखिल हुआ। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, रोहित ने धारदार हथियार से प्रगति पर हमला बोल दिया और बेरहमी से उसका गला रेत दिया।
प्रगति को मारकर रोहित ने ली खुद की जान
इस जानलेवा अटैक में लहूलुहान प्रगति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके तुरंत बाद, रोहित ने उसी हथियार से अपने गले पर भी वार कर लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। फिर मौके पर भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी भी पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और प्रतिशोध का नजर आ रहा है।
गुरुग्राम में दोनों करते थे नौकरी
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले 2-3 वर्षों से प्रेम प्रसंग की चर्चा थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों गुरुग्राम में एक साथ नौकरी करते थे। फिर प्रगति की शादी कहीं और तय हो गई। दोनों मृतक एक ही समुदाय से थे और उनके घर आमने-सामने हैं। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
खूनी खेल से गांव में दहशत
जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां से अब अर्थी उठने की तैयारी है। इस खूनी खेल ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया है। चश्मदीदों का कहना है कि आरोपी ने पूरी योजना के साथ इस वारदात को अंजाम दिया ताकि शादी रुक सके। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।