Headlines
Loading...
लखनऊ में चाइनीज मांझे से फिर हादसा, स्कूटी सवार किशोर की कटी गर्दन, 48 घंटे में ये चौथी घटना हुई...

लखनऊ में चाइनीज मांझे से फिर हादसा, स्कूटी सवार किशोर की कटी गर्दन, 48 घंटे में ये चौथी घटना हुई...

लखनऊ, ब्यूरो। राजधानी लखनऊ में चाइनीज मांझे से होने वाले हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला चौक इलाके का है, जहां स्कूटी से जा रहे एक किशोर की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। चौपटिया निवासी नजम खान कक्षा 10 का छात्र है। 

उसने बताया कि शनिवार को वह अपने दोस्त के साथ स्कूटी से चौक जा रहा था। स्कूटी वही चला रहा था। जैसे ही वह कोनेश्वर से चौक की ओर बढ़ा, सड़क पर लटका चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया। इससे उसकी गर्दन पर दो कट लग गए।

ब्रेक लगाने से टली बड़ी दुर्घटना

नजम के अनुसार, उसने तुरंत स्कूटी में ब्रेक लगा दिया, जिससे गला गहराई से कटने से बच गया। हालांकि अचानक ब्रेक लगाने से स्कूटी अनियंत्रित हो गई। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दूरी पर एक छत पर खड़ा किशोर मांझा खींच रहा था। गर्दन पर पहला कट लगने के बाद भी उसने मांझा नहीं छोड़ा, जिससे दूसरा कट लग गया। नजम ने मांझा हाथ से पकड़ लिया, जिससे जान बच गई। शोर मचाने पर छत पर मौजूद किशोर मौके से भाग निकला।

48 घंटे में ये चौथी घटना

लखनऊ में बीते 48 घंटों में यह चाइनीज मांझे से चौथी घटना है। गुरुवार शाम गोमतीनगर विस्तार में बिजली विभाग के कर्मचारी सुधीर की गर्दन में मांझा फंस गया था। इससे कुछ घंटे पहले शहीद पथ पर स्कूटी से जा रहे सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी बृजेश राय के गाल और होंठ कट गए थे। बुधवार को हैदरगंज में शोएब नामक युवक की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से मौत हो चुकी है।

चोरी-छिपे बिक रहा चाइनीज मांझा

सूत्रों के मुताबिक, प्रतिबंध के बावजूद पुराने ग्राहकों को चोरी-छिपे चाइनीज मांझा उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राहक फोन पर पहले ही ऑर्डर दे देते हैं और उन्हें मांझा दे दिया जाता है। नजम का कहना है कि पुलिस की सख्ती के बावजूद लोग खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

छापेमारी से पहले छुपा दिया गया मांझा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से मौत के मामलों में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जेसीपी एलओ बबलू कुमार ने तीन दिन का विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए। पुलिस ने कई दुकानों पर छापेमारी की, लेकिन कहीं भी चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ। सूत्रों का दावा है कि दुकानदारों को पहले ही सूचना मिल गई थी, जिसके चलते उन्होंने मांझा छुपा दिया।